West Bank में यूरोपीय राजनयिकों के काफिले पर हमला, नकाबपोशों ने फ्रांसीसी मेयर को भी निशाना बनाया

West Bank में यूरोपीय राजनयिकों के काफिले पर हमला, नकाबपोशों ने फ्रांसीसी मेयर को भी निशाना बनाया
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

कब्जे वाले वेस्ट बैंक के तैयबेह गांव में शनिवार को नकाबपोश हमलावरों ने यूरोपीय राजनयिकों और कैथोलिक प्रतिनिधियों के एक दल पर हमला कर दिया। इस घटना में एक वाहन क्षतिग्रस्त हुआ और फ्रांसीसी मेयर को निशाना बनाया गया, हालांकि दल के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए। बेल्जियम के विदेश मंत्री मैक्सिम प्रेवो ने इसके लिए इजराइल की अवैध बस्ती नीति को जिम्मेदार ठहराते हुए अतिरिक्त प्रतिबंधों की मांग की है।

बेल्जियम के विदेश मंत्री ने कहा कि शनिवार को कब्जे वाले वेस्ट बैंक की यात्रा पर गए यूरोपीय राजनयिकों के एक दल पर नकाबपोश लोगों ने हमला किया। जैतून की फसल की कटाई के संवदेनशील दौर के दौरान फलस्तीनियों और अन्य लोगों पर हमलों का यह लगातार दूसरा दिन है। फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में कटाई शुरू होने के बाद से कम से कम चार लोगों की मौत हो चुकी है और 100 से अधिक घायल हुए हैं।

बेल्जियम के विदेश मंत्री मैक्सिम प्रेवो ने बताया कि तैयबेह गांव में हमलावरों ने बेल्जियम के महावाणिज्यदूत, फ्रांस और पोलैंड के राजनयिकों तथा कैथोलिक प्रतिनिधियों को निशाना बनाया। एक फ्रांसीसी मेयर पर हमला किया गया और बेल्जियम के एक वाहन को नुकसान पहुंचाया गया। हालांकि, दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।

प्रेवो ने इजराइल की ‘‘अवैध बस्ती नीति’’ को हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया और यूरोपीय संघ के अतिरिक्त प्रतिबंधों की मांग की। वहीं, इजराइली सेना ने शनिवार को इस घटना को गंभीर हिंसा बताया। इजराइली पुलिस ने कहा कि उन्होंने जांच शुरू कर दी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़