Nigeria में अवैध खनन के आरोप में पकड़े गए कम से कम 33 लोगों की हिरासत में मौत

Nigeria में अवैध खनन के आरोप में पकड़े गए कम से कम 33 लोगों की हिरासत में मौत
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

नाइजीरिया के नाइजर राज्य में सुरक्षा एजेंसी की कोठरी में बंद अवैध खनन के 33 संदिग्ध मृत पाए गए हैं। अधिकारियों ने किसी अज्ञात बीमारी या संक्रमण फैलने की आशंका जताई है, जबकि एक जीवित बचे व्यक्ति का आरोप है कि कोठरी में दम घुटने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

नाइजीरिया में अवैध खनन के आरोप में गिरफ्तार किए गए कम से कम 33 लोग बृहस्पतिवार को मृत पाए गए। ऐसी आशंका है कि इनलोगों की मौत संक्रमण के कारण हुयी है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

नाइजीरिया के अधिकारियों ने आशंका जताई है कि अवैध खनन के आरोपियों की मौत किसी संक्रमण के फैलने के कारण हुई है। हालांकि, इसमें जीवित बचे दाउदा शेहू ने बताया कि 65 लोगों को एक ऐसी कोठरी में ठूंसकर रखा गया था जहां हवा आने-जाने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। उसने कहा कि हिरासत में रखे गए इन लोगों की मौत संभवत: दम घुटने से हुई।

‘नाइजीरिया सिक्योरिटी एंड सिविल डिफेंस कोर’ (एनएससीडीसी) के प्रवक्ता अबुबकर मुती ने बताया कि इन लोगों की मौत उत्तर-मध्य नाइजर राज्य में एनएससीडीसी की हिरासत में हुई। नाइजर में एनएससीडीसी के प्रमुख सुबेरू सियाका अनिविये ने बृहस्पतिवार को एक बयान में बताया कि सुरक्षा एजेंसी ने राज्य में अवैध खनन के संदेह में मंगलवार और बुधवार को इन लोगों को गिरफ्तार किया था और तभी से वे हिरासत में थे। अनिविये ने कहा कि एजेंसी को आशंका है कि इन लोगों की मौत कोई बीमारी फैलने से हुई।

उन्होंने साथ ही कहा कि मौत के असल कारण का पता लगाने के लिए शवों को एक स्थानीय अस्पताल भेजा गया है ताकि ‘‘आगे की चिकित्सकीय जांच’’ की जा सके। उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि किस बीमारी का संदेह है। शेहू ने कहा, ‘‘हमें ठूंसकर रखा गया था और हवा आने-जाने की भी कोई व्यवस्था नहीं थी।

अचानक हमारा दम घुटने लगा और ताजा हवा के लिए हम छटपटाने लगे।’’ शेहू ने अस्पताल में एपी से बातचीत की जहां शवों को परीक्षण के लिए भेजा गया है। उसने बताया कि कोठरी में बंद लोगों ने दरवाजा पीटकर सुरक्षा एजेंसी के गार्ड का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। इस घटना में अपने दो बेटों को खोने वाले शफातु सुलेमान ने सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की।

नाइजर राज्य की पुलिस ने कहा कि उसने मामले की जांच शुरू कर दी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़