Balochistan में IED ब्लास्ट से पाकिस्तानी सेना के Major की मौत, 4 आतंकी ढेर

Balochistan में IED ब्लास्ट से पाकिस्तानी सेना के Major की मौत, 4 आतंकी ढेर
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

बलूचिस्तान के ग्वादर जिले में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान हुए आईईडी विस्फोट में पाकिस्तानी सेना के 34 वर्षीय मेजर वजाहत वहीद की जान चली गई। कलात जिले के जट्टकाबाद इलाके में सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए चार आतंकवादियों को मार गिराया और भारी मात्रा में हथियार जब्त किए। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सैन्य अधिकारी के बलिदान पर शोक व्यक्त करते हुए सुरक्षा बलों की कार्रवाई की सराहना की है।

(सज्जाद हुसैन) इस्लामाबाद, 19 अक्टूबर पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा अभियान के दौरान हुए विस्फोट में पाकिस्तानी सेना के एक अधिकारी की मौत हो गई। विस्फोट के लिए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का इस्तेमाल किया गया था। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने रविवार को ग्वादर के शादिकौर इलाके और कलात जिले के जट्टकाबाद में कई अभियान चलाए। सेना के अनुसार, सुरक्षा बलों ने रविवार को जट्टकाबाद इलाके में अभियान चलाकर चार आतंकवादियों को मार गिराया और बड़ी मात्रा में हथियार तथा गोला-बारूद बरामद किया। सुरक्षा बलों ने ग्वादर जिले के पसनी स्थित शादिकौर इलाके में तलाशी अभियान भी चलाए।

अभियान का नेतृत्व करते समय आईईडी से किए गए हमले में 34 वर्षीय मेजर वजाहत वहीद की मौत हो गई। सेना ने कहा, “इलाके में अन्य आतंकवादियों को खत्म करने के लिए तलाशी अभियान जारी रहेंगे।” सेना ने कहा कि सुरक्षा बल और कानून प्रवर्तन एजेंसियां देश से विदेशी प्रायोजित और समर्थित आतंकवाद के खतरे को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने चार आतंकवादियों को मार गिराने के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की और सेना के अधिकारी की मौत पर दुख जताया।

प्रधानमंत्री ने कहा, “मेजर वजाहत वहीद ने अपनी प्यारी मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। राष्ट्र को उन पर गर्व है।” उन्होंने मारे गए अधिकारी के परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना भी व्यक्त की। बलूचिस्तान में हाल के वर्षों में उग्रवादी गतिविधियों में वृद्धि हुई है।

सुरक्षा बल अशांति को दबाने के लिए सक्रिय हैं। एक दिन पहले, सुरक्षा बलों ने क्वेटा, नुश्की और खुजदार जिलों में चलाए गए अभियानों के दौरान आठ उग्रवादियों को मार गिराया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़