ईशनिंदा पर Punjab Assembly सख्त: 298-A में उम्रकैद से भी कठोर कानून की मांग

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

लाहौर में प्रांतीय सदन ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास कर संघीय सरकार से धार्मिक अपमान के मामलों में कानून और कड़ा करने की अपील की है। पीटीआई विधायक राणा औरंगजेब द्वारा पेश इस प्रस्ताव में मौजूदा सजा को नाकाफी बताया गया। वहीं मानवाधिकार आयोग ने इस कदम पर चिंता जताते हुए दुरुपयोग की आशंका जाहिर की है।

पाकिस्तान की पंजाब विधानसभा ने इस्लाम की सम्मानित हस्तियों के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी से जुड़े अपराधों के लिए और कड़ी सजा का प्रावधान करने की मांग की है। प्रांतीय विधानसभा ने इस सप्ताह सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 298-ए के तहत निर्धारित सजा बढ़ाने के लिए कानून बनाने की मांग की। प्रस्ताव में कहा गया कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले अपराध के लिए मौजूदा सजा पर्याप्त नहीं है।

फिलहाल धारा 298-ए के तहत कम से कम 10 साल की कैद का प्रावधान है, जिसे बढ़ाकर आजीवन कारावास तक किया जा सकता है। विपक्षी दल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के विधायक राणा औरंगजेब ने यह प्रस्ताव पेश किया। इसमें कहा गया कि मौजूदा सजा पर्याप्त नहीं है।

साथ ही संघीय सरकार से इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर उठाने और सजा बढ़ाने के लिए कानून लाने का आग्रह किया गया। सदन ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली संघीय सरकार से धार्मिक पवित्रता की रक्षा तथा सामाजिक शांति और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कानून बनाने और उसे लागू करने का आग्रह किया। अगस्त 2023 में संसद ने आपराधिक कानून (संशोधन) विधेयक, 2023 पारित किया था।

इसमें धारा 298-ए के तहत सजा को तीन साल की कैद से बढ़ाकर कम से कम 10 साल करने का प्रस्ताव था। हालांकि, तत्कालीन राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने इस विधेयक पर हस्ताक्षर किए बिना इसे संसद को लौटा दिया था। पाकिस्तान के मानवाधिकार आयोग (एचआरसीपी) ने प्रस्तावित संशोधन पर गंभीर चिंता जताई है।

आयोग ने चेतावनी दी है कि इससे आरोपियों के लिए वैधानिक जमानत हासिल करना और मुश्किल हो जाएगा। ऐसे में जमानत कानूनी अधिकार के बजाय अदालतों के विवेक पर निर्भर हो जाएगी। मानवाधिकार संगठन ने यह भी कहा है कि ईशनिंदा के मामले अक्सर कट्टरपंथी धार्मिक मौलवियों के दबाव में या निजी दुश्मनी निकालने के लिए शिकायतकर्ताओं द्वारा दर्ज कराए जाते हैं।

आयोग के अनुसार, ईशनिंदा के आरोपों के बाद भीड़ की हिंसा की आशंका को टालने के लिए पुलिस कभी-कभी कार्रवाई करती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़