Pakistan के पंजाब में Rehman Baba Express बेपटरी, 5 यात्रियों की मौत और 30 घायल

Pakistan के पंजाब में Rehman Baba Express बेपटरी, 5 यात्रियों की मौत और 30 घायल
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

कराची से पेशावर जा रही यात्री ट्रेन मंगलवार तड़के मुल्तान के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पांच लोगों ने जान गंवाई है जबकि 30 घायल यात्रियों को निश्तार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत दल मौके पर बोगियों को खाली कराने और बचाव कार्यों में जुटे हैं।

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार को एक यात्री ट्रेन के पटरी से उतर जाने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह पांच बजकर 15 मिनट पर उस समय हुआ जब ट्रेन कराची से पेशावर जा रही थी।

‘रहमान बाबा एक्सप्रेस’ मुल्तान में शेर शाह पुल के पास पटरी से उतर गई। ‘जियो न्यूज’ ने पुलिस और राहतकर्मियों के हवाले से खबर में बताया कि घायलों को इलाज के लिए मुल्तान के निश्तार अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दुर्घटनास्थल पर राहत व बचाव कार्य जारी है। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और लगभग 30 लोग घायल हुए हैं।

बचाव अधिकारियों ने बताया कि 13 बोगियों को खाली करा लिया गया है, जबकि एक बोगी में बचावकार्य जारी है। एक यात्री ने संवाददाताओं से कहा कि दुर्घटना से पहले रोहरी के पास कर्मचारियों ने बोगी नंबर-नौ के नट-बोल्ट की मरम्मत की थी। ‘जियो न्यूज’ की खबर के अनुसार इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और यह भी अभी स्पष्ट नहीं है कि इस मरम्मत का ट्रेन के पटरी से उतरने से कोई संबंध था या नहीं।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बिना किसी देरी के बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़