France में महंगाई विरोधी प्रदर्शनों में भड़की हिंसा, 855 लोग अरेस्ट

फ्रांस में जीवनयापन के बढ़ते खर्च और बदहाल स्कूलों के खिलाफ हुए देशव्यापी प्रदर्शनों के दौरान भड़की हिंसा और लूटपाट के आरोप में 855 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस विरोध प्रदर्शन में लाखों नागरिक सड़कों पर उतरे थे, जहां सरकारी इमारतों और दुकानों को भारी नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार झड़पों में कई सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं और दिल का दौरा पड़ने से एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई।
पेरिस पुलिस ने रविवार को कहा कि फ्रांस में जीवनयापन की बढ़ती लागत और स्कूलों की खराब स्थिति के विरोध में निकाले गए मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ हिंसक झड़प और दुकानों में लूटपाट के सिलसिले में 855 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को निकाले गए विरोध मार्च में 1.10 लाख लोग शामिल हुए थे। इस दौरान हिंसक झड़पों, आगजनी और लूटपाट की घटनाएं सामने आईं।
अधिकारियों ने बताया कि नकाबपोश प्रदर्शनकारियों के समूहों ने सिटी हॉल और स्थानीय सरकारी कार्यालयों सहित सार्वजनिक इमारतों को निशाना बनाया। अधिकारियों ने बताया कि पूरे फ्रांस में हुए विरोध-प्रदर्शनों में लगभग 5,50,000 लोगों ने हिस्सा लिया, जबकि आयोजकों के मुताबिक यह संख्या करीब 8,00,000 थी। पेरिस पुलिस ने एक बयान में बताया कि विरोध-प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
फ्रांसीसी मीडिया की खबर के अनुसार, मार्च के दौरान सड़क पर एक प्रदर्शनकारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पुलिस और अर्द्धसैनिक बल के 13 अधिकारी तथा दो दमकलकर्मी घायल हो गए। रविवार सुबह पेरिस के ‘प्लेस डे ला रिपब्लिक’ के आसपास उखड़े हुए पत्थर, टूटी हुई दुकानें और कांच के बिखरे हुए टुकड़े दिखाई दिए।
इस चौक के आसपास और शहर के केंद्र में कुछ अन्य पर्यटक एवं खरीदारी वाले इलाकों में लूटपाट और तोड़फोड़ की खबरें सामने आईं। पुलिस ने बताया कि शनिवार को मध्य पेरिस में कई सौ से लेकर 1,000 से ज्यादा लोगों के समूहों ने अनधिकृत मार्च निकाले। उसने बताया, “दोपहर के समय में हिंसा का दौर शुरू हो गया, जब बड़ी संख्या में ऐसे लोग आ गए, जिनका एकमात्र मकसद अशांति का फायदा उठाकर चोरी और लूटपाट करना था।” प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू और गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने हिंसा के लिए “कट्टर वामपंथी समूहों” को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि बाद में लूटपाट करने के इरादे से अन्य लोग भी इसमें शामिल हो गए।
अन्य न्यूज़













