Pakistan के Peshawar में निजी स्कूल की छत ढहने से 17 बच्चों समेत 18 की मौत

खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर में दिर कॉलोनी स्थित एक निजी स्कूल की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। लेडी रीडिंग अस्पताल में घायलों के उपचार के लिए आपात स्थिति घोषित की गई है।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर में बृहस्पतिवार को एक निजी स्कूल की छत गिरने से कम से कम 17 बच्चों और एक शिक्षिका की मौत हो गई तथा 40 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पेशावर के कैपिटल सिटी पुलिस प्रमुख मियां सईद ने बताया कि हादसा शहर के अंदरूनी इलाके में स्थित दिर कॉलोनी में हुआ।
उन्होंने कहा कि हादसे में 17 विद्यार्थियों और एक शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं। लेडी रीडिंग अस्पताल के प्रवक्ता मुहम्मद आसिम ने बताया कि घायलों के उपचार के लिए अस्पताल में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि हादसे में मारे गए सभी बच्चों की उम्र 13 वर्ष या उससे कम थी।
बचाव अधिकारियों ने बताया कि 25 घायल बच्चों को चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाया गया है। बचाव दल मलबा हटाने और उसके नीचे फंसे बच्चों तथा स्कूल कर्मचारियों की तलाश में जुटे हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उन्हें सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
अन्य न्यूज़













