Philippines में वायुसेना के दो SF-260 विमान टकराए, चार पायलट की मौत

Philippines में वायुसेना के दो SF-260 विमान टकराए, चार पायलट की मौत
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मनीला के दक्षिण में स्थित फर्नांडो एयर बेस पर फिलीपीन वायुसेना के दो प्रशिक्षण विमान हवा में आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में दोनों विमानों में सवार सभी चार पायलटों की जान चली गई, जबकि जमीन पर कोई हताहत नहीं हुआ। घटना के बाद सेना ने जांच पूरी होने तक शेष सभी एसएफ-260 विमानों की उड़ानों पर अस्थायी रोक लगा दी है।

फिलीपीन की वायुसेना के दो विमान प्रशिक्षण उड़ान के दौरान आपस में टकराने के बाद मनीला के दक्षिण में स्थित एक एयर बेस पर दुर्घटनाग्रस्त हो गए, जिसमें सवार सभी चार पायलट की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि दो एसएफ-260 विमान शुक्रवार अपराह्न कम ऊंचाई पर उड़ान भरते समय आपस में टकरा गए और राजधानी के दक्षिण में तटीय प्रांत बाटांगस के लीपा शहर स्थित फर्नांडो एयर बेस पर दुर्घटनाग्रस्त हो गए।

उन्होंने बताया कि एयर बेस पर कोई घायल नहीं हुआ है। वायुसेना ने इस हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी है और इसे एक दुर्घटना बताया है। घटना की जानकारी रखने वाले फिलीपीन के दो अधिकारियों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि दोनों विमानों की हवा में ही टक्कर हो गई।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दो सीट वाला एक विमान एयर बेस में सैन्यकर्मियों के बैरक के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर पड़ा। वायुसेना ने कहा कि जांच जारी रहने तक इटली से खरीदे गए उसके शेष सभी एसएफ-260 विमानों की उड़ानों पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है। वायुसेना ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उसके पास कितने एसएफ-260 विमान शेष हैं।

यह दुर्घटना पर्याप्त बजट की कमी से जूझ रही फिलीपीन सेना के लिए एक बड़ा झटका है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़