Poland में PM Donald Tusk और रक्षा मंत्री पर हमले की आशंका, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पोलैंड की पुलिस को प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क और रक्षा मंत्री व्लादिस्लाव कोसिनियाक-कामिश पर संभावित हमले के इनपुट मिले हैं। सुरक्षा सेवाओं के प्रवक्ता ने बताया कि आपात बैठक के बाद इस खतरे को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है। हाल ही में स्कूलों में हुई घटनाओं और सीमा पर रूसी आशंकाओं के बीच सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पोलैंड की पुलिस ने रविवार को कहा कि उसे प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क और रक्षा मंत्री व्लादिस्लाव कोसिनियाक-कामिश पर संभावित हमले की सूचना मिली है। इस सप्ताह स्कूलों में चाकूबाजी की कई घटनाओं के बाद पोलैंड में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसके अलावा, रूस की ओर से संभावित हमले की आशंका भी है, जिसका मकसद यूक्रेन पर रूस के व्यापक हमले के खिलाफ जारी युद्ध में पश्चिमी देशों के समर्थन को कमजोर करना हो सकता है।

पोलैंड की खुफिया सेवा का कार्यभार संभाल रहे मंत्री के प्रवक्ता जासेक डोब्रिजिन्स्की ने कहा, ‘‘हम इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं।’’ डोब्रिजिन्स्की रविवार को सुरक्षा सेवाओं, पुलिस और गृह मंत्रालय के प्रतिनिधियों की आपात बैठक के बाद बोल रहे थे। उन्होंने बताया कि खतरे से जुड़ी जानकारी सबसे पहले राज्य सुरक्षा सेवा को मिली, जिसने बाद में इसे पुलिस के साथ साझा किया। सितंबर में टस्क ने नाटो के पूर्वी मोर्चे पर रूस के हमलों के तेज होने की आशंका जताई थी।

उन्होंने कहा था कि रूस यूक्रेन का समर्थन करने वाले यूरोपीय देशों, जिनमें पोलैंड भी शामिल है, पर ड्रोन या रॉकेट से हमले करने की साजिश रच रहा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़