Poland School Attacks: 50 हजार स्कूलों की जांच के बीच पुलिस ने 76 संदिग्धों को पकड़ा

पोलैंड में दो शिक्षण संस्थानों में चाकूबाजी की घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कड़े कदम उठाते हुए दर्जनों लोगों को हिरासत में लिया। माजोविया प्रांत में हुए इन हमलों में एक कर्मचारी की जान चली गई थी और कई छात्र घायल हुए थे। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने कई विद्यालयों में कक्षाएं बंद कर निगरानी बढ़ा दी है।
पोलैंड में सप्ताह की शुरुआत में दो स्कूलों में हुए हमलों के बाद और अधिक हिंसा को रोकने के प्रयासों के तहत देश भर से 76 लोगों को हिरासत में लिया गया है और लगभग 50,000 स्कूलों की जांच की गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पोलैंड में सप्ताह की शुरुआत में स्कूलों में हुए दो हमलों में एक व्यक्ति की मौत और बच्चों सहित कई लोगों के घायल होने के बाद शुक्रवार को सुरक्षा बढ़ा दी गई।
इस दौरान कुछ स्कूलों में कक्षाएं स्थगित कर दी गईं, कई अभिभावकों ने बच्चों को घर पर रखा और शैक्षणिक संस्थानों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई। मध्य पोलैंड के माजोविया प्रांत स्थित एक व्यावसायिक स्कूल के 19 वर्षीय छात्र ने बुधवार को धारदार हथियार से साथी छात्रों, शिक्षकों और राहगीरों पर हमला कर दिया था। इस घटना में नौ लोग घायल हो गए।
हमले के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन उसे पास से ही गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अगले दिन, इसी प्रांत में 15 वर्षीय एक लड़के द्वारा अपने पूर्व स्कूल में चाकूबाजी करने की घटना सामने आई जिसमें एक कर्मचारी की हत्या कर दी गयी और दो अन्य लोग घायल हो गए। बृहस्पतिवार रात तक अभिभावकों के ऑनलाइन समूहों और मुख्यधारा के मीडिया में ऐसी अफवाहें फैलने लगी थीं कि ये दोनों हमले सुनियोजित थे और शुक्रवार को भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं।
शुक्रवार को होने वाली घटनाओं के डर से इस दिन को ‘ब्लडी फ्राइडे’ यानी ‘खूनी शुक्रवार’ कहा जाने लगा था। पोलैंड में शुक्रवार को एहतियातन 59 स्कूलों में कक्षाएं निलंबित कर दी गईं। इनमें ज्यादातर स्कूल माजोविया प्रांत के थे, जहां राजधानी वारसॉ स्थित है।
स्कूलों के निदेशक ने सुरक्षा बढ़ाने के उपायों की जानकारी देते हुए संदेश भेजे। इनमें प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और छात्रों के बैग की जांच जैसे कदम शामिल थे।
अन्य न्यूज़













