Ukraine पर Russia का भीषण हवाई हमला, कीव समेत कई इलाकों में 12 नागरिकों की मौत और 40 घायल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

यूक्रेन की राजधानी कीव और करीब एक दर्जन क्षेत्रों पर बुधवार तड़के रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों में तीन बच्चों समेत 12 लोगों की जान चली गई। चेर्निहाइव के प्रिलुकी शहर में एक रिहायशी इमारत ढहने से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ, जहां नौ लोगों की मौत हुई। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हवाई हमलों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पैट्रियट वायु रक्षा प्रणालियों की मांग तेज कर दी है।

कीव, सात अक्टूबर (एपी) रूस ने बुधवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव और करीब एक दर्जन अन्य क्षेत्रों पर मिसाइलों और ड्रोन से बड़े पैमाने पर हमले किए, जिनमें कम से कम 12 नागरिकों की मौत हो गई। यूक्रेनी अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, हमलों में 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

यूक्रेन को इस हमले की आशंका पहले से थी। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक दिन पहले कहा था कि खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, रूस एक “बड़े” हमले की तैयारी कर रहा है। हालांकि यूक्रेन को हमले की जानकारी थी, लेकिन वह इसे पूरी तरह रोक नहीं सका।

हमले में हुई मौतें और तबाही यूक्रेन के लिए रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों और हाल में इस्तेमाल किए जा रहे जेट इंजन से चलने वाले नए ड्रोन का मुकाबला करने की चुनौती को दर्शाती हैं। अमेरिका में निर्मित पैट्रियट वायु रक्षा प्रणालियों के लिए पर्याप्त मिसाइलें उपलब्ध नहीं होने के कारण यूक्रेन रूसी बैलिस्टिक हथियारों को रोकने में कठिनाई का सामना कर रहा है। यूक्रेन रूस के ऊंचाई पर उड़ने वाले जेट-संचालित ड्रोन को रोकने में सक्षम नई पीढ़ी के इंटरसेप्टर विकसित करने के प्रयास तेज कर रहा है।

अमेरिका की अगुवाई में चल रहे शांति प्रयासों से निकट भविष्य में राहत मिलने की संभावना कम नजर आ रही है। दोनों पक्षों के बीच निचले स्तर की तकनीकी वार्ता की संभावना पर अभी बातचीत चल रही है। पश्चिमी विश्लेषकों के अनुसार, पुतिन इस विश्वास के साथ युद्ध जारी रखे हुए हैं कि दबाव के आगे यूक्रेन झुक जाएगा और कीव के पश्चिमी समर्थक लंबे समय तक उसका साथ नहीं देंगे।

यूक्रेन के उत्तरी चेर्निहाइव क्षेत्र के प्रिलुकी शहर में रूसी हमले में एक अपार्टमेंट की इमारत नष्ट हो गई। गृह मंत्री इहोर विहिव्स्की के अनुसार, घटना में नौ लोगों की मौत हुई, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं, जबकि 34 लोग घायल हुए। राष्ट्रपति जेलेंस्की के अनुसार, राजधानी कीव समेत तीन अन्य यूक्रेनी शहरों में भी लोगों के मारे जाने की खबर है।

यूक्रेन दुनियाभर में उपलब्ध पैट्रियट मिसाइलों की तलाश कर रहा है। ईरान में चल रहे युद्ध के कारण इन मिसाइलों की आपूर्ति पहले ही सीमित है। जेलेंस्की ने कहा, “रूसी बैलिस्टिक मिसाइलें सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।

और इस समय हमारे लिए वायु रक्षा प्रणालियों के पैकेज अत्यंत आवश्यक हैं।” पोल्टावा क्षेत्र के क्रेमेनचुक में दो लोगों की मौत हुई और सात घायल हो गए। क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख विताली दियाकिवनिच ने बताया कि बचाव अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि रूस का उद्देश्य लोगों में डर पैदा करना है, “ताकि हम सोने से डरें, अपने बच्चों को नजरों से दूर न होने दें और कोई योजना न बना सकें।

ताकि हर कोई सोचे कि अगली बार पता नहीं किसके घर को निशाना बनाया जाएगा।” रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेना ने रात में यूक्रेन में मिसाइलों और ड्रोन के उत्पादन तथा भंडारण से जुड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर हमला किया। मंत्रालय ने कहा कि दक्षिणी ओडेसा क्षेत्र में बंदरगाह और जहाज मरम्मत सुविधाओं के अलावा यूक्रेनी सेना के लिए सामान ले जा रहे जहाजों को भी निशाना बनाया गया। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने जवाबी कार्रवाई करते हुए रूस में तेल रिफाइनरियों और भंडारण केंद्रों पर लंबी दूरी के ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया।

उन्होंने बुधवार को कहा कि यूक्रेन ने रूस के पर्म, समारा और अस्त्रखान क्षेत्रों में दो तेल प्रतिष्ठानों और एक प्रशिक्षण केंद्र को निशाना बनाया। रूसी अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़