Ukraine के Zaporizhzhia में रूसी हवाई हमले, बच्चों समेत 12 नागरिकों की मौत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि जापोरिज्जिया की आवासीय इमारतों पर रूस के पांच ग्लाइड बम गिरने से 12 लोगों की जान गई और 14 अन्य घायल हुए हैं। यह हमला डोनाल्ड ट्रंप द्वारा रूस से डीजल आपूर्ति समझौते की घोषणा के ठीक एक दिन बाद हुआ। जेलेंस्की ने इस समझौते पर कड़ा विरोध जताते हुए इसे युद्ध लंबा खींचने वाला कदम बताया है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को कहा कि यूक्रेन के जापोरिज्जिया क्षेत्र में रूसी हमलों में तीन बच्चों समेत कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। यह हमला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा रूस से डीजल खरीदने का समझौता करने की घोषणा के एक दिन बाद हुआ। जेलेंस्की ने बताया कि जापोरिज्जिया में आवासीय इमारतों पर रूसी हवाई बम गिरने से ये मौतें हुईं और कम से कम 14 लोग घायल हुए।

पिछले चार दिनों में रूस की बढ़ती बमबारी में 60 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा कि रूस ने डीजल निर्यात पर प्रतिबंधों में ढील मिलने के बाद जापोरिज्जिया की आवासीय इमारतों पर पांच ग्लाइड बम गिराकर इसका जवाब दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि दबाव कम होने से रूस को युद्ध जारी रखने और शहरों पर बमबारी करने का मौका मिलता है।

ट्रंप ने शुक्रवार को कहा था कि रूस तत्काल तीन लाख टन से अधिक डीजल की आपूर्ति करेगा। इसके बाद नवंबर में पांच लाख टन, फिर 10 लाख टन और कुछ समय बाद अतिरिक्त 30 लाख टन डीजल दिया जाएगा। जेलेंस्की ने इस समझौते को रूस के लिए युद्ध में निवेश बताते हुए कहा कि इससे संघर्ष लंबा खिंच सकता है।

उन्होंने इसे मजबूत साझेदारों का ‘‘कमजोर फैसला’’ बताया। यह घोषणा ऐसे समय हुई, जब अमेरिकी प्रतिनिधि यूक्रेनी अधिकारियों के साथ युद्ध समाप्त करने के प्रस्ताव पर चर्चा कर रहे थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़