West Bank में महिला पत्रकार पर हमला, US राजदूत Mike Huckabee ने बताया आतंकी कृत्य

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

वेस्ट बैंक के आबू फलाह गांव में जैतून फसल की कटाई के दौरान नकाबपोशों ने वाशिंगटन पोस्ट की फोटो पत्रकार हाइडी लेविन और फलस्तीनी नागरिकों पर हमला कर दिया। अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी ने इस घटना की निंदा करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। गंभीर रूप से घायल पत्रकार की सर्जरी करानी पड़ी है।

इजराइल में अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी ने इजराइल के कब्जे वाले फलस्तीनी क्षेत्र ‘वेस्ट बैंक’ में अमेरिकी महिला पत्रकार पर हुए हमले की निंदा की। इस हमले के बाद पत्रकार को सर्जरी करानी पड़ी है। इस बीच, रविवार को सऊदी अरब में यमन सीमा के पास दो हेलीकॉप्टर पायलट मारे गए।

सऊदी सैन्य प्रवक्ता के अनुसार, यह हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ। इजराइल में अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी ने ‘वेस्ट बैंक’ में जैतून की फसल की कटाई के दौरान हुई हिंसा की निंदा की। इस हिंसा में कई फलस्तीनी नागरिकों के अलावा ‘वाशिंगटन पोस्ट’ की पुरस्कार विजेता फोटो पत्रकार हाइडी लेविन गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हकाबी ने इस हमले को ‘‘नकाबपोश कायरों द्वारा अंजाम दिया गया एक घृणित आतंकी कृत्य’’ करार दिया। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में राजदूत ने मांग की कि घटना में शामिल सभी लोगों की पूरी जांच कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और कानून के तहत सख्त सजा दी जाए। यह हमला शुक्रवार को ‘वेस्ट बैंक’ के आबू फलाह गांव में हुआ था।

इजराइल में 27 अक्टूबर को होने वाले चुनावों से ठीक पहले हिंसा की ऐसी घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस हमले को केवल ‘‘कथित’’ घटना बताते हुए कहा कि परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। दूसरी ओर, इजराइली पुलिस शनिवार को ‘वेस्ट बैंक’ के एक अन्य गांव में यूरोपीय राजनयिकों पर हुए हमले की भी जांच कर रही है।

सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में रविवार को हथियारों से लैस एक सैन्य हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार दो पायलटों की मौत हो गई। सऊदी सैन्य प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी के अनुसार, यह हादसा यमन सीमा के पास स्थित नज्रान शहर के निकट हुआ। वहीं, एक अन्य घटना में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के तट के पास रविवार तड़के एक समुद्री पोत (टगबोट - जहाजों को खींचने वाली छोटी नौका) पर दो प्रक्षेपास्त्रों से हमला किया गया, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़