West Asia में अमेरिकी नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह, सुरक्षा परामर्श जारी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पश्चिम एशिया स्थित अमेरिकी मिशनों ने क्षेत्र में अपने नागरिकों को अधिक सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। ईरान समर्थित समूहों द्वारा अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाए जाने की आशंका के चलते उड़ानों के रद्द होने और यात्रा में रुकावट की चेतावनी दी गई है। सऊदी अरब पर हूतियों के हालिया हमलों के बाद यह परामर्श जारी हुआ है।

(हरेन्द्र मिश्रा) यरुशलम, 19 अक्टूबर पश्चिम एशिया स्थित अमेरिका के मिशनों ने सऊदी अरब पर हूतियों के हमलों और ईरान व उसके सहयोगियों की ओर से अमेरिकी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए जाने की आशंका के बीच सुरक्षा परामर्श जारी कर अपने नागरिकों को “अधिक सतर्क रहने” की सलाह दी है। परामर्श में कहा गया है, “उड़ानें रद्द होने, हवाई क्षेत्र बंद होने और यात्रा में रुकावट की आशंका को ध्यान में रखें।” इसमें यह भी कहा गया है कि “इन शत्रुतापूर्ण गतिविधियों के कारण स्थिति पश्चिम एशिया क्षेत्र से बाहर भी तेजी से बिगड़ सकती है।” परामर्श के अनुसार, “ईरान और उसका समर्थन करने वाले समूह विदेश में अमेरिकी प्रतिष्ठानों या अमेरिका व उसके नागरिकों से जुड़े स्थानों को निशाना बना सकते हैं।” यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब पर किए गए ड्रोन व मिसाइल हमलों के बाद चिंताएं बढ़ गई हैं। इनमें 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर किया गया एक घातक हमला भी शामिल है, जिसमें एक भारतीय नागरिक समेत 13 लोगों की मौत हो गई थी।

अमेरिका हूतियों को ईरान समर्थित एक प्रमुख सशस्त्र समूह मानता है, जो क्षेत्र में तेहरान के सहयोगी नेटवर्क का हिस्सा है। ईरान हूतियों को हथियार, धन और प्रशिक्षण मुहैया करता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़