Ecuador के संदिग्ध ड्रग तस्करी पोत को US military ने समुद्र में डुबोया

अमेरिकी सेना की सदर्न कमांड ने पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी में कथित संलिप्तता के आरोप में इक्वाडोर के एक ईंधन भरने वाले पोत पर मिसाइल हमला कर उसे डुबो दिया। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार यह पोत आपराधिक गिरोह 'लॉस चोनेरोस' से जुड़ा था। कार्रवाई के बाद पोत पर मौजूद लोगों को इक्वाडोर के अधिकारियों को सौंपने की बात कही गई है।
क्विटो (इक्वाडोर), आठ सितंबर (एपी) अमेरिकी सेना ने सोमवार को इक्वाडोर के एक अन्य पोत पर हमला कर उसे डुबो दिया। अमेरिका का यह आरोप है कि यह पोत आपराधिक गिरोह ‘लॉस चोनेरोस’ से जुड़ा हुआ था। यह लैटिन अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी में कथित तौर पर शामिल नौकाओं और पोतों के खिलाफ अमेरिका की हालिया कार्रवाई है।
‘सदर्न कमांड’ ने एक बयान में कहा कि संयुक्त कार्यबल ने पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में समुद्र के रास्ते मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के अभियानों में मदद करने वाले एक पोत को रोका। यह एक ईंधन भरने वाला पोत था। बयान में कहा गया कि पोत पर सवार लोगों को इक्वाडोर के अधिकारियों के हवाले कर दिया जाएगा।
इस जानकारी के साथ कार्रवाई का वीडियो भी जारी किया गया जिसमें सैन्यकर्मी एक पोत पर चढ़ते हुए दिख रहे हैं। इसके बाद एक हेलीकॉप्टर उसके ऊपर से उड़ते हुए नजर आया और अंत में एक प्रक्षेपास्त्र के पोत से टकराने से वह डूबता हुआ दिखा। बयान के मुताबिक, अमेरिकी बल पश्चिमी क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी को बढ़ावा देने वाले नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार “सटीक और पेशेवर अभियान” चला रहे हैं।
इक्वाडोर के अधिकारियों ने इस मामले में तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।
अन्य न्यूज़













