भारत-US Trade Deal पर तुरंत फैसले के आसार नहीं, Jamieson Greer ने बताई स्थिति

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर ने कहा है कि भारत के साथ व्यापार समझौते पर तुरंत किसी फैसले के आसार नहीं हैं, हालांकि दोनों पक्षों ने पेचीदा मुद्दों की पहचान कर ली है। मिलवॉकी में जी20 व्यापार मंत्रिस्तरीय बैठक के बाद उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस प्रगति की समीक्षा के लिए जल्द फोन पर बात कर सकते हैं।

(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, दो अक्टूबर अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर ने कहा है कि भारत के साथ व्यापार समझौते पर तुरंत किसी फैसले के आसार नहीं है, हालांकि दोनों पक्षों ने उन पेचीदा मुद्दों या बाधाओं की पहचान कर ली है जिन्हें सुलझाया जाना बाकी है। मिलवॉकी में बृहस्पतिवार को जी20 व्यापार मंत्रिस्तरीय बैठक के बाद आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ग्रीर ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व्यापार समझौते की प्रगति की समीक्षा के लिए ‘‘बहुत जल्द’’ एक बार फिर फोन पर बातचीत कर सकते हैं। ग्रीर ने बुधवार शाम जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक से इतर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की थी और आपसी हित वाले अंतरिम व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने पर ‘‘सार्थक चर्चा’’ की थी।

ग्रीर ने कहा, ‘‘मंत्री गोयल और मेरे बीच सार्थक बातचीत हुई है। चूंकि हमारी टीम इस समय यहीं देश में मौजूद हैं, इसलिए उनके बीच बैठकों का दौर जारी है।’’ अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ने कहा, ‘‘हम भारत के साथ व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने का निरंतर प्रयास कर रहे हैं। अगर व्यावहारिक तौर पर कहूं तो हम इसके अंतिम चरण में हैं और मुझे लगता है कि हम इसके काफी करीब पहुंच चुके हैं।’’ उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच बुधवार को बेहद सकारात्मक बातचीत हुई थी।

ग्रीर ने कहा, ‘‘इसके साथ ही, मुझे नहीं लगता कि तुरंत कोई फैसला होने वाला है, लेकिन हमने उन सभी मुद्दों की पहचान कर ली है जिन पर पेच फंसा हुआ है। हम उन्हें सुलझाने के लिए काम कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी इस मुद्दे पर प्रगति और मौजूदा स्थिति का आकलन करने के लिए बहुत जल्द एक और दौर की वार्ता कर सकते हैं।’’ मोदी और ट्रंप ने बुधवार को व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों और आपसी हित के अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की थी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़