Donald Trump से इस साल दो और बार मिल सकते हैं शी चिनफिंग, दिया चीन आने का न्योता

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अमेरिकी दौरे के समापन से पहले डोनाल्ड ट्रंप को नवंबर में शेनझेन में होने वाले APEC सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया है। इसके बाद दिसंबर में फ्लोरिडा में G20 शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं की दोबारा मुलाकात होने की उम्मीद है। वाशिंगटन दौरे के दौरान दोनों शीर्ष नेताओं के बीच वैश्विक मुद्दों पर 90 मिनट तक गोपनीय चर्चा भी हुई।
अमेरिका के अपने राजकीय दौरे के समापन से पहले चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस साल उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दो बार और मुलाकात होगी। शी ने ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया को नवंबर में चीन के शेनझेन में होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन में आने का निमंत्रण दिया। चीन के राष्ट्रपति ने कहा कि इसके एक महीने बाद फ्लोरिडा में ‘ट्रंप नेशनल डोरल मियामी गोल्फ क्लब’ में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान उनकी फिर से मुलाकात हो सकती है।
शी ने कहा, ‘‘मैं राष्ट्रपति और प्रथम महिला को चीन आने के लिए आमंत्रित करता हूं।’’ इस पर ट्रंप ने कहा, ‘‘हम आएंगे और हम काफी बातचीत करेंगे।’’ चीनी राष्ट्रपति के दौरे के समापन से पहले ट्रंप उन्हें राष्ट्रीय अभिलेखागार भी ले जाएंगे। ट्रंप दुनिया के सबसे शक्तिशाली साम्यवादी देश के नेता को अमेरिकी लोकतंत्र के महत्वपूर्ण मूल दस्तावेज दिखाएंगे। शी के अमेरिका के राष्ट्रीय अभिलेखागार का दौरा करने के बाद वाशिंगटन से रवाना होने की संभावना है।
यहां स्वतंत्रता की घोषणा, संविधान और अधिकार विधेयक जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखे गए हैं। शी की यह यात्रा ऐसे समय हुई है जब अमेरिका अपनी स्थापना की 250वीं वर्षगांठ मना रहा है। ट्रंप ने बृहस्पतिवार को कहा था कि वह शी को ‘‘उस गौरवशाली इतिहास के कुछ सबसे महत्वपूर्ण खजाने’’ दिखाना चाहते हैं।
ट्रंप दंपति ने बृहस्पतिवार रात प्रौद्योगिकी उद्योग के दिग्गजों की मौजूदगी में अपने मेहमानों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया था। दोनों नेताओं ने बृहस्पतिवार को बंद कमरे में 90 मिनट तक बैठक भी की। बैठक के बाद चीन सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने मध्य पूर्व, यूक्रेन और कोरियाई प्रायद्वीप जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस ने इस चर्चा के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है।
अन्य न्यूज़













