धनतेरस पर इन उपायों को करने से प्रसन्न होंगी मां लक्ष्मी, घर आएगी सुख और समृद्धि

Dhanteras
Creative Commons licenses

धनतेरस के दिन खरीददारी के अलावा चीनी, बताशा, खीर, चावल, सफेद कपड़ा आदि चीजों का दान करना उत्तम फलदायी माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि इन वस्तुओं को दान करने से धन की कमी नहीं होती है और जमा पूंजी बढ़ती जाती है।

दीपावली में पांच पर्वों की परंपरा है जिसकी शुरुआत धनतेरस से होती है। धनतेरस के दिन खरीदारी को शुभ माना जाता है जो सबके लिए सौभाग्यवर्धक होता है। इस दिन लोग अपनी-अपनी प्रिय चीजों की खरीदारी करते हैं। धनतेरस के दिन सोने और चांदी के बने आभूषण और सिक्के खरीदने की सदियों पुरानी सनातन परंपरा है जो चली आ रही है। धनतेरस को धनवंतरी जयंती तथा धन त्रयोदशी के नाम से भी जाना जाता है। धनतेरस से दीपों के पर्व दीवाली की शुरूआत मानी जाती है, इस दिन खरीददारी का खास महत्व है। धनतेरस के दिन घर में लायी गयी चीजों से घर में सुख-समृद्धि होती है।

पंचदेवों को पूजने की है परम्परा

धनतेरस के दिन न केवल भगवान धनवंतरि की बल्कि उनके साथ देवी मां लक्ष्मी, कुबेर, यम और भगवान गणेशजी की पूजा भी की जाती है। इनकी पूजा से मां लक्ष्मी अति प्रसन्न होती है और भक्त के घर में वास करती है।

धनतेरस से गोत्रिरात्र व्रत की होती है शुरूआत

धनतेरस से ही तीन दिन तक चलने वाला गोत्रिरात्र व्रत भी शुरू होता है। धनतेरस के दिन खरीददारी का अति विशिष्ट महत्व है। ऐसा माना जाता है कि इस दिन खरीदी गई चीज दिनों-दिन वृद्धि करती हैं। इसलिए लोग सोना, चांदी, कपड़े, बर्तन आदि चीजों की खरीददारी भी करते हैं।

धनिया खरीदना होता है शुभ 

वैसे तो धनतेरस के दिन सोना खरीदने की परम्परा है। परन्तु यह संभव हो तो पीतल का बर्तन, पीली कौड़ियां और धनिया खरीद सकते हैं। कहा जाता है कि इस दिन धनिया खरीदना बहुत ही शुभ होता है। 

दीपदान करना, होगा लाभदायी

कहा जाता है कि धनतेरस के दिन यमराज के निमित्त जिस घर में दीपदान किया जाता है, वहां अकाल मृत्यु नहीं होती है। इसलिए धनतेरस के दिन दीपदान अवश्य करें। 

धनतेरस के दिन दान का है खास महत्व

धनतेरस के दिन खरीददारी के अलावा चीनी, बताशा, खीर, चावल, सफेद कपड़ा आदि चीजों का दान करना उत्तम फलदायी माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि इन वस्तुओं को दान करने से धन की कमी नहीं होती है और जमा पूंजी बढ़ती जाती है। साथ ही धन अर्जित करने में आ रही बाधाएं भी दूर होती हैं।

इसे भी पढ़ें: दीपावली तक खरीदारी और निवेश के लिए हर दिन शुभ मुहूर्त, धनतेरस पर रहेगा फायदा देने वाला योग

बहीखातों को करें नया

धनतेरस के दिन बहीखाते और लेखा-जोखा की पूजा करना शुभ माना जाता है। इस दिन से संकल्प के साथ नए कार्यों की शुरुआत करनी चाहिए जिसमें सफलता प्राप्त हो।

धनतेरस की शाम दीया जलाना, होगा लाभकारी

धनतेरस की शाम को घर में एक दीया जलाएं और उसके पास में एक कौड़ी को रख दें इसके बाद कौड़ी को अपने पैसे रखने वाली जगह पर लाल कपड़े में लपेटकर रख दें। इस उपाय से घर पर पैसों की कभी कमी नहीं रहेगी।

चांदी के सिक्के और हल्दी की गांठ की करें पूजा

धनतेरस पर चांदी के सिक्के और हल्दी की गांठ की पूजा करने से जीवन में सफलता मिलती है। इस उपाय को करने से राह में आ रहीं आर्थिक बाधाएं भी दूर हो जाती हैं।

धनतेरस के दिन किन्नरों का लें आशीर्वाद

धनतेरस के दिन को शुभ बनाने के लिए आप किसी किन्नर के हाथों से पैसे लेकर अपने पर्स में रख लें। इससे आपको जिंदगी में बहुत सफलता मिलेगी। कहा जाता है कि इस दिन यह उपाय करने से आपके पास जीवन में कभी धन की कभी नहीं होगी।

श्रीयंत्र की पूजा करना होगा फलदायी

धनतेरस और दिवाली पर श्रीयंत्र की पूजा करने से जीवन में कभी भी पैसों की तंगी नहीं रहती है। श्रीयंत्र की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि और वैभव का आगमन होता है और मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है।

- प्रज्ञा पाण्डेय

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़