Kanpur विमान हादसा: AAIB की रिपोर्ट में खुलासा, Garg Aviation ने नहीं किया था निगरानी नियमों का पालन

Kanpur विमान हादसा: AAIB की रिपोर्ट में खुलासा, Garg Aviation ने नहीं किया था निगरानी नियमों का पालन
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने कानपुर में हुए विमान हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट में संचालक कंपनी द्वारा उड़ान डेटा निगरानी नियमों की अनदेखी करने की बात कही है। इस दुर्घटना में एक प्रशिक्षु पायलट और प्रशिक्षक की जान चली गई थी। जांच एजेंसी ने डीजीसीए से प्रशिक्षण संस्थानों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की सिफारिश की है।

जांच एजेंसी एएआईबी ने पिछले महीने गर्ग एविएशन के दोहरे-इंजन वाले विमान के हादसे पर जारी शुरुआती रिपोर्ट में कहा है कि संचालक ने उड़ान की निगरानी के नियमों का पालन नहीं किया था। दुर्घटना में प्रशिक्षु पायलट और एक प्रशिक्षक की मौत हो गई थी। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने यह भी सुझाव दिया है कि उड्डयन क्षेत्र के नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को उड़ान प्रशिक्षण संगठनों (एफटीओ) द्वारा उड़ान संबंधी आंकड़ों की निगरानी की प्रक्रियाओं के बारे में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए।

गर्ग एविएशन के दो इंजन वाले टेकनम पी2006टी प्रशिक्षण विमान के 27 अगस्त को दिन में करीब साढ़े ग्यारह बजे दुर्घटनाग्रस्त होने से एक प्रशिक्षु पायलट और एक प्रशिक्षक की मौत हो गई थी। एएआईबी ने कहा कि हादसे से पहले विमान से कोई आपात संदेश नहीं भेजा गया था और हादसे के कारण विमान नष्ट हो गया। हादसा विमान के कानपुर के हवाई अड्डे से उड़ान भरने के 20 मिनट से भी कम समय बाद हुआ।

इस हवाई अड्डे का प्रबंधन और रखरखाव भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) करता है। एएआईबी की सात पन्नों की प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया है कि गर्ग एविएशन ने एफटीओ में प्रशिक्षण की निगरानी से जुड़े नियमों का पालन नहीं किया था। एएआईबी ने कहा, ‘‘उड़ान संबंधी आंकड़ों की निगरानी के बारे में पूछे जाने पर एफटीओ ने बताया कि गार्मिन के आंकड़ों की बेतरतीब तरीके से निगरानी की जा रही थी।

हालांकि, ऐसी निगरानी का कोई रिकॉर्ड नहीं रखा गया था और निगरानी कैसे की जानी है या इसमें किन सीमा से अधिक आंकड़ों को माना जाएगा, इसे तय करने वाली कोई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) नहीं थी।’’ गार्मिन डेटा कार्ड छोटे विमानों में इस्तेमाल होने वाला एक उपकरण है, जो उड़ान से जुड़े आंकड़ों को रिकॉर्ड करता है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़