Bihar में Ganga कटाव पर एक्शन: Bhojpur के 4 गांवों को Flood से बचाएगी 52 करोड़ की योजना

Bhojpur
PR

जल संसाधन विभाग, बिहार के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने भोजपुर के शाहपुर में गंगा नदी तटों पर चल रहे ₹52.56 करोड़ के कटाव निरोधी कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मानसून की संवेदनशीलता को देखते हुए इन महत्वपूर्ण कार्यों को एक माह के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने का निर्देश दिया, जिससे गंगापुर और जवनिया जैसे गाँवों को गंगा कटाव से प्रभावी व स्थायी सुरक्षा मिल सकेगी।

जल संसाधन विभाग, बिहार के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने आज भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे जवनिया गाँव में गंगा नदी के तट पर चल रहे कटाव निरोधी कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा बाढ़ पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। सचिव ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं की जानकारी ली तथा चल रहे कार्यों पर उनका फीडबैक प्राप्त किया। ग्रामीणों ने गंगा नदी के निरंतर कटाव से उत्पन्न चुनौतियों को साझा करते हुए कटाव निरोधी एवं संरक्षण कार्यों के प्रति संतोष व्यक्त किया।

इसे भी पढ़ें: Shreyasi Singh का मिशन Sports, Bihar में गाँव-गाँव से निकलेगी नई खेल प्रतिभा!

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि गंगा नदी के दाहिने तट पर स्थित गंगापुर, भुसौला, नन्दपुर एवं दामोदरपुर (जवनिया) गाँवों को कटाव से सुरक्षित रखने के लिए लगभग 1200 मीटर लंबाई में कटाव निरोधी कार्य कराया जा रहा है। इस परियोजना की प्रशासनिक स्वीकृति राशि ₹52.56 करोड़ है तथा वर्तमान में कार्य प्रगति पर है।

डॉ. सिंह ने कार्यों में तेजी लाते हुए कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया, साथ ही कहा कि मानसून की संवेदनशीलता को ध्यान में रख कर सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा कटाव निरोधी कार्यों को हर हाल में अगले एक माह के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने अभियंताओं एवं संवेदकों को कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य संपन्न करने का निर्देश दिया।

इसे भी पढ़ें: Bihar में कोचिंग पर लगाम, Education में अनुशासन! स्कूल के समय नहीं चलेंगे Coaching Institute

सचिव ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के गंगापुर, भुसौला, नन्दपुर एवं जवनिया सहित आसपास के गाँवों को गंगा नदी के कटाव से प्रभावी सुरक्षा मिलेगी तथा स्थानीय आबादी एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित होगा। निरीक्षण के दौरान विभाग के वरीय अभियंता, कार्यपालक अभियंता तथा अन्य विभागीय पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़