UP Politics: शिवपाल का साथ लेने के बाद राजभर और केशव देव को भी साधने की कोशिश में जुटे अखिलेश

akhilesh rajbhar
ANI
अंकित सिंह । Dec 15 2022 5:19PM

शिवपाल यादव ने भी साफ तौर पर कह दिया कि वह अब भाजपा से लड़ने में अखिलेश यादव की मदद करेंगे। शिवपाल यादव और अखिलेश के बीच जैसे ही सुलह हुई उसके बाद समाजवादी पार्टी की ओर से अपने पुराने सहयोगियों को फिर से साथ लेने की कोशिश शुरू हो गई है।

उत्तर प्रदेश की राजनीति भी दिलचस्प मानी जाती है। कहा जाता है कि दिल्ली की सत्ता में अगर आपको पहुंचना है तो उसके लिए उत्तर प्रदेश में अपनी पकड़ को मजबूत करनी होगी। दिल्ली में सरकार के लिए उत्तर प्रदेश में अपनी मजबूती काफी जरूरी है। 2022 के विधानसभा चुनाव में मिली हार से सबक लेते हुए अखिलेश यादव ने अब अपने सहयोगियों को फिर से विश्वास में लेने की शुरुआत कर दी है। सबसे पहले तो उन्होंने अपने रूठे चाचा शिवपाल यादव को मनाया। शिवपाल यादव को साथ लेते हुए उन्हें फिर से पार्टी में भी शामिल करा लिया। शिवपाल यादव ने भी साफ तौर पर कह दिया कि वह अब भाजपा से लड़ने में अखिलेश यादव की मदद करेंगे। शिवपाल यादव और अखिलेश के बीच जैसे ही सुलह हुई उसके बाद समाजवादी पार्टी की ओर से अपने पुराने सहयोगियों को फिर से साथ लेने की कोशिश शुरू हो गई है। 

इसे भी पढ़ें: डिंपल यादव ने ली संसद सदस्यता की शपथ, अखिलेश ने कहा- 2024 में भाजपा को हराएंगे

2022 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के साथ रहे सुहेलदेव समाज पार्टी और महान दल एक बार फिर से सपा के साथ गठबंधन की तैयारी में है। इसकी कोशिश चंद्रशेखर आजाद की ओर से शुरू की गई है। दरअसल, हाल में ही खतौली में विधानसभा के उपचुनाव हुए थे। खतौली में आरएलडी, चंद्रशेखर और समाजवादी पार्टी का गठबंधन दिखा और जीत हासिल की। ओमप्रकाश राजभर 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के साथ थे। बाद में वह भाजपा से दूरी बनाने के बाद योगी सरकार पर जबरदस्त तरीके से हमलावर रहने लगे। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया था। हालांकि, विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद सपा के साथ उनके रिश्ते खराब हो गए थे और वे लगातार अखिलेश यादव पर हमले कर रहे थे। ऐसे में ओमप्रकाश राजभर के भाजपा के साथ गठबंधन करने की भी खबर थी। 

इसे भी पढ़ें: खाली बैठे चाचा भतीजा अब मिलकर योगी सरकार के लिए परेशानी खड़े कर सकते हैं

सूत्रों के मुताबिक भाजपा के साथ ओमप्रकाश राजभर की बात नहीं बन पाई और यही कारण है कि अब वह फिर से अपने पुराने गठबंधन में लौटने की कोशिश कर रहे हैं। ओमप्रकाश राजभर पहले ही संकेत दे चुके हैं कि अगर शिवपाल यादव पहल करें तो वह गठबंधन के लिए फिर से तैयार है। दूसरी ओर महान दल और उसके प्रमुख केशव देव मौर्य हैं। 2024 चुनाव को लेकर इनकी अपनी तैयारी है। वह समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन के लिए तैयार हैं। केशव देव मौर्य लगातार कह रहे हैं कि अगर आज के समय में भाजपा को कोई चुनौती उत्तर प्रदेश में दे सकता है तो वह अखिलेश यादव ही हैं। उन्होंने इस बात को भी स्वीकार किया कि अकेले हम भाजपा को चुनौती नहीं दे सकते। लेकिन सपा या बसपा से गठबंधन होता है तो हम उलटफेर कर सकते हैं। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़