Ahmedabad Crime Branch हिरासत से भाग रहे ड्रग्स तस्करी के आरोपी कफील अहमद को लगी गोली

गुजरात में 25 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ मामले में गिरफ्तार कफील अहमद साबरमती रिवरफ्रंट के पास पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। यह घटना उस वक्त हुई जब टीम उसे मेडिकल जांच के लिए ले जा रही थी। हाथापाई के दौरान एक पुलिस उपनिरीक्षक को भी हाथ में चोट आई है।
करीब 25 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए जाने के मामले में गिरफ्तार एक व्यक्ति सोमवार को अहमदाबाद अपराध शाखा की हिरासत से भागने की कथित कोशिश के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह घटना उस समय हुई, जब आरोपी को नियमित चिकित्सकीय जांच के लिए ले जाया जा रहा था।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, कफील अहमद (59) साबरमती रिवरफ्रंट के पास शाम करीब साढ़े चार बजे अपराध शाखा की टीम के साथ हाथापाई के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हो गया। बयान में कहा गया, ‘‘अहमद को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हाथापाई के दौरान एक उपनिरीक्षक के हाथ में भी चोट आई।’’ अपराध शाखा ने यह स्पष्ट नहीं किया कि गोली गलती से चली या आरोपी को भागने से रोकने के लिए गोली चलाई गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन कर घटना के बारे में जानकारी दे सकते हैं। अहमद उन तीन लोगों में शामिल है, जिन्हें सूरत और अहमदाबाद अपराध शाखा ने 21 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। उस समय अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर रामोल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीटीएम टोल प्लाजा के पास से 4.53 किलोग्राम हेरोइन और 2.49 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त किया गया था।
इन मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 25 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, अहमद को इससे पहले जयपुर में 18.5 किलोग्राम चरस जब्त किए जाने के मामले में, अहमदाबाद में 100 ग्राम मेफेड्रोन बरामद होने पर और राजस्थान में पैरोल पर रहते हुए तीन किलोग्राम अल्प्राजोलम रखने पर गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले के अन्य दो आरोपियों की पहचान नयी दिल्ली निवासी 44-वर्षीय टिफेल नोखेज और उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी 38-वर्षीय मोहम्मद इमरान अल्वी के रूप में हुई है।
अन्य न्यूज़














