अहमदाबाद के साणंद में पिता ने की 10 वर्षीय बेटे की हत्या, Gujarat Police ने आरोपी को पकड़ा

अहमदाबाद जिले के विंछिया गांव में रविवार रात एक व्यक्ति ने अंधविश्वास के चलते कथित तौर पर अपने 10 साल के बेटे की जान ले ली। घटना के समय बच्चे की मां मायके में थी और सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी नरेश पटेल को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अहमदाबाद, दो नवंबर अहमदाबाद जिले के एक गांव में मानसिक रूप से निशक्त एक व्यक्ति ने अपने 10 वर्षीय बेटे का सिर घर में देवी की वेदी पर कथित तौर पर पटककर उसकी हत्या कर दी और बाद में शव के पास ही चारपाई पर सो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना रविवार रात साणंद तालुका के विंछिया गांव में हुई।
साणंद पुलिस थाने के निरीक्षक जयप्रकाश चौहान ने बताया कि आरोपी नरेश पटेल खेतिहर मजदूर है। पटेल की पत्नी भारतीबेन उसके साथ झगड़ा होने के बाद अपने मायके चली गई थी और उस समय आरोपी घर पर बेटे के साथ था। भारतीबेन की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी ने उनसे कथित तौर पर कहा कि उसने देवी की वेदी पर अपने इकलौते बेटे की बलि दे दी, ताकि उसके बाद परिवार में कोई भी व्यक्ति ‘भुवा’ (स्थानीय समुदाय और देवी-देवताओं के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाला पारंपरिक अनुष्ठानकर्ता) न बने।
चौहान ने बताया, ‘‘व्यक्ति ने घर में देवी की छोटी-सी वेदी पर अपने बेटे करण की हत्या कर दी और उसके शव के पास ही चारपाई पर सो गया। आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। पति से झगड़े के बाद बच्चे की मां अपने मायके चली गई थी।’’ बेटे का स्कूल होने के कारण भारतीबेन उसे पति के पास छोड़कर मायके चली गई थी।
रविवार रात एक पड़ोसी ने फोन कर महिला को घटना की जानकारी दी। रात करीब साढ़े नौ बजे गांव पहुंचने पर उसने बेटे को खून से लथपथ हालत में चारपाई पर पड़ा पाया। उसके माथे पर चोट का निशान था।
प्राथमिकी के अनुसार, पटेल भी उसी चारपाई पर लेटा हुआ था और उसके कपड़ों पर खून लगा था। महिला के अनुसार, जब उसने पति से बेटे की मौत के बारे में पूछा तो पटेल ने कहा कि उसके पिता देवी के ‘भुवा’ थे और उसने यह भूमिका उनसे संभाली थी। महिला ने आरोप लगाया कि पटेल ने कहा कि उसने अपने इकलौते बेटे की बलि इसलिए दी, ताकि उसके बाद परिवार में कोई भी ‘भुवा’ न बने।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पटेल ने बच्चे को पैरों से पकड़कर घर में देवी की वेदी के सामने दो से तीन बार जमीन पर पटका और फिर डंडे से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
अन्य न्यूज़













