मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बने अजय सिंह

[email protected] । Feb 23 2017 5:27PM

कांग्रेस आलाकमान ने आज अजय सिंह को मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद नियुक्त किया गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने यह जानकारी दी।

भोपाल। कांग्रेस आलाकमान ने आज अजय सिंह को मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद नियुक्त किया गया है। पार्टी पर्यवेक्षक अजय माकन की मौजूदगी में दो दिन पहले नेता प्रतिपक्ष के चुनाव के दौरान कांग्रेस विधायकों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष मनोनयन के लिये अधिकृत किया था। अजय सिंह मध्य प्रदेश विधानसभा में दूसरी दफा नेता प्रतिपक्ष के पद पर नियुक्त किये गये हैं। सत्यदेव कटारे का निधन होने के कारण नेता प्रतिपक्ष का पद गत चार माह से रिक्त था।

मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा, ‘‘पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व ने नेता प्रतिपक्ष के लिये अजय सिंह का चुनाव किया है और मध्य प्रदेश इकाई को इसकी सूचना दी है।’’ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के पुत्र अजय सिंह इससे पहले वर्ष 2010 से 2013 के बीच मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष रहे हैं। अपने प्रथम कार्यकाल में सिंह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला चुके हैं। अजय सिंह मध्य प्रदेश के सीधी जिले की चुरहट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करते हैं। इससे पहले दिसंबर 2013 में विधानसभा चुनाव के बाद भी उनका नाम नेता प्रतिपक्ष के लिये दौड़ में था। लेकिन कांग्रेस ने उस वक्त सिंह के स्थान पर ज्योतिरादित्य सिंधिया खेम के सत्यदेव कटारे को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया था। कटारे का चार माह पूर्व मुम्बई में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया, तब से यह पद रिक्त था।

दो दिन पहले कांग्रेस के विधायकों की बैठक नेता प्रतिपक्ष के चुनाव के लिये यहां कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में हुई थी। पार्टी पर्यवेक्षक अजय माकन की मौजूदगी में कांग्रेस विधायकों ने सर्वसम्मति से पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को इस चुनाव हेतु अधिकृत किया था। वरिष्ठ विधायक राम निवास रावत और महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा, ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे से इस पद के दावेदार थे, जबकि कमलनाथ के खेमे से आदिवासी वर्ग के विधायक बाला बच्चन तथा दिग्विजय सिंह के विरोधी एवं ब्राह्मण वर्ग के मुकेश नायक भी इस पद की दौड़ में थे।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़