Amit Shah बोले: Karregutta और जम्मू-कश्मीर में अब शान से फहरा राष्ट्रीय ध्वज

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बीजापुर स्थित कर्रेगुट्टा पहाड़ियों और जम्मू-कश्मीर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्राओं के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि माओवादियों का पूर्व गढ़ रहे क्षेत्रों में अब बंदूकों की जगह देशभक्ति की गूंज सुनाई दे रही है। 600 किलोमीटर लंबी तीन दिवसीय बस्तर तिरंगा यात्रा का समापन कर्रेगुट्टा पहाड़ी क्षेत्र में हुआ।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि कभी नक्सली आतंक का गढ़ रहे कर्रेगुट्टा पहाड़ पर और जम्मू-कश्मीर में भी तिरंगा गर्व के साथ फहराया जा रहा है, जबकि पहले वहां राष्ट्रीय ध्वज फहराने पर धमकियों का सामना करना पड़ता था। शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि कर्रेगुट्टा पहाड़ पर स्वतंत्रता का उत्सव बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘जहां कभी बंदूकों की गूंज सुनाई देती थी, वहां अब देशभक्ति की गूंज है।
लाल मिट्टी पर लहराता तिरंगा नक्सल मुक्त नए बस्तर की ताकत, प्रगति और आत्मविश्वास का प्रतीक है।’’ छत्तीसगढ़ में तीन दिन की बस्तर तिरंगा यात्रा का शुक्रवार को समापन हुआ। करीब 600 किलोमीटर की यह यात्रा उन क्षेत्रों से गुजरी, जिन्हें कभी माओवादी गढ़ माना जाता था। यात्रा के समापन पर बीजापुर जिले की कर्रेगुट्टा पहाड़ियों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिससे इस क्षेत्र के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया।
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने पूरी यात्रा के दौरान मोटरसाइकिल जुलूस का नेतृत्व किया। इस यात्रा में कई जनप्रतिनिधियों, स्थानीय निवासियों और सामुदायिक नेताओं ने भी हिस्सा लिया। इस यात्रा का अंतिम पड़ाव कर्रेगुट्टा पहाड़ी क्षेत्र था, जिसे लंबे समय तक छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर माओवादियों के मजबूत ठिकाने के रूप में देखा जाता था।
इस इलाके में सुरक्षाबलों ने माओवाद रोधी एक बड़ा अभियान भी चलाया था। जम्मू-कश्मीर में तिरंगा यात्रा का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि लाखों लोगों ने खुशी और गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज लहराया। केंद्रीय गृह मंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर ने डर से आजादी तक का सफर तय किया है।
जहां कभी तिरंगा फहराने पर धमकियां मिलती थीं, वहीं अब जम्मू-कश्मीर में तिरंगा यात्राएं आयोजित हो रही हैं और लाखों लोग खुशी व गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहे हैं।
अन्य न्यूज़














