Bihar में सियासी हलचल तेज, राजद के एक और नेता ने किया दावा, बजट सत्र के बाद होगी तेजस्वी की ताजपोशी

tejashwi yadav
ANI
अंकित सिंह । Feb 22 2023 12:57PM

राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह लगातार यह कहते रहे हैं कि नीतीश कुमार को दिल्ली की राजनीति पर ध्यान देना चाहिए और तेजस्वी यादव को बिहार की कमान सौंप देनी चाहिए।

बिहार में राजनीतिक हलचल लगातार तेज है। तेजस्वी यादव की ताजपोशी को लेकर मांग उठने लगी है। हाल में ही राजद के विजय मंडल ने दावा किया था कि होली बाद तेजस्वी यादव की ताजपोशी होगी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनकी ताजपोशी करेंगे। अभी इस पर चर्चा शुरू ही हुई थी कि राजद के एक और बड़े नेता और प्रवक्ता भाई वीरेंद्र ने भी यही दावा कर दिया। भाई वीरेंद्र ने साफ तौर पर कहा कि बिहार बजट सत्र के बाद तेजस्वी की ताजपोशी होगी। इसके बाद बिहार में अब राजनीतिक हलचल लगातार तेज होती दिखाई दे रही है। माना जा रहा है कि अब नीतीश कुमार पर तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाने को लेकर राजद दबाव बनाने की शुरुआत कर चुकी है। राजद की ओर से लगातार तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की जा रही है। 

इसे भी पढ़ें: 3 दिनों में 3 राज्य का दौरा करेंगे अमित शाह, कर्नाटक में भाजपा ने झोंकी ताकत, MP-बिहार में है यह कार्यक्रम

राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह लगातार यह कहते रहे हैं कि नीतीश कुमार को दिल्ली की राजनीति पर ध्यान देना चाहिए और तेजस्वी यादव को बिहार की कमान सौंप देनी चाहिए। हालांकि, नीतीश कुमार ने कुछ दिनों पहले लगातार यह बयान दिया था कि 2025 के बाद तेजस्वी यादव ही महागठबंधन का नेतृत्व करेंगे। इसके बाद माना गया कि नीतीश कुमार कहीं ना कहीं 2025 तक बिहार की कमान अपने पास रखना चाहते हैं। नीतीश के इस बयान पर इस बात की भी चर्चा हुई कि शायद मुख्यमंत्री राजद में हो रही चर्चा को विराम देना चाह रहे होंगे। लेकिन एक बार फिर से लगातार तेजस्वी यादव को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठने लगी है। 

इसे भी पढ़ें: Nitish के कार्यक्रम में ढाई घंटे तक खाली रही DY CM की कुर्सी, RJD विधायक का दावा- मार्च में होगी तेजस्वी की ताजपोशी

यह मांग तब और जोर पकड़ रही है जब जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने साफ तौर पर कह दिया कि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे, ऐसा मैंने नहीं कहा है। उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार 2025 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहने वाले हैं। तेजस्वी को लेकर जब ललन सिंह से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी 2024 है, इसकी बात कीजिए। 2025 की बात तब देखेंगे। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने भी दावा किया था कि नीतीश कुमार 2030 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहने वाले हैं। देखना दिलचस्प होगा कि बिहार की राजनीति किस ओर जाती हैं। लेकिन कहीं ना कहीं राजद ने अब तेजस्वी यादव को सीएम बनाने को लेकर अपनी मांग तेज कर दी है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़