Arvind Kejriwal का पूर्व आधिकारिक आवास खुला, PWD ने मीडिया को दिखाया 'शीशमहल'

दिल्ली में 6 फ्लैगस्टाफ रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री के सरकारी आवास को शुक्रवार को मीडिया के दौरे के लिए खोला गया। लोक निर्माण विभाग ने यहां मौजूद महंगे सामान और कमरों की लागत की जानकारी प्रदर्शित की है। यह बंगला अगले महीने से 20 रुपये के संभावित टिकट पर आम जनता के लिए भी खोला जाएगा।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पूर्व आधिकारिक आवास को शुक्रवार को मीडिया के लिए खोल दिया गया और इस दौरान 5.8 लाख रुपये की लागत वाले पाउडर रूम (अत्याधुनिक शौचालय), 41 लाख रुपये की लागत वाले ‘बैठक’ कक्ष और करीब 7.5 लाख रुपये की लागत से बने लॉबी क्षेत्र को भी देखने का मौका दिया गया। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस बंगले को ‘शीशमहल’ नाम दिया है।
उत्तर दिल्ली के छह, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित इस बंगले में केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान रहा करते थे। घर के प्रवेश द्वार पर निर्देशित भ्रमण के लिए बड़े-बड़े बोर्ड लगाए गए है, जिन पर लिखा है, ‘‘58 करोड़ रुपये की लागत से बने शीशमहल में आपका स्वागत है।’’ अंदर आने वाले आगंतुकों के स्वागत के लिए लाल कालीन बिछाया गया है। यह बंगला अगले महीने आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
इसके लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था होगी। पीडब्ल्यूडी ने बंगले में हर वस्तु का नाम और उसकी कीमत बताई है। उसने 14 लोगों के बैठने की क्षमता वाली ‘डाइनिंग टेबल’ के ऊपर लटकने वाले झूमर की कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई है।
1,905 वर्ग मीटर में फैले इस आवास में आठ शयनकक्ष, 13 स्नानगृह और सौना (गर्मी और भाप के जरिए शरीर को आराम देने की सुविधा) तथा जकूजी की सुविधा वाला एक वेलनेस कक्ष है। बंगले में ‘स्लाइडिंग’ दरवाजे वाले बैठक कक्ष की कीमत 41.16 लाख रुपये, पाउडर रूम की कीमत 5.80 लाख रुपये और लॉबी क्षेत्र की कीमत 7.58 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, रसोई में सामान ऊपर-नीचे ले जाने के लिए लगी ‘डंबवेटर’ लिफ्ट की कीमत सात लाख रुपये दर्ज की गई है।
बंगले में हमेशा चालू रहने वाले टीवी पर अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ लेने के समारोह और सरकारी आवास या वाहन स्वीकार नहीं करने के उनके संकल्प के वीडियो लगातार दिखाए जा रहे हैं। केजरीवाल के अंदाज में तैयार एक ऑनलाइन कंटेंट क्रिएटर को भी आमंत्रित किया गया। उसने केजरीवाल की पहचान बन चुकी टोपी और मफलर पहन रखे थे और उनकी नकल की।
पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारा एक ही उद्देश्य है: हर सरकार को पूरा हिसाब देना चाहिए कि दिल्ली के निवासियों के पैसे यानी करदाताओं के पैसे को कहां और कितना खर्च किया गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जनता को यह जानने का अधिकार है कि दिल्ली के विकास के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले उसके पैसे को पूर्व मुख्यमंत्री ने किस तरह के फर्नीचर खरीदने पर खर्च किया। हमारा यहां कोई राजनीतिक मकसद नहीं है। यहां दर्ज हर राशि के साथ हमने संबंधित बिल और इनवॉइस नंबर भी दिया है।’’ मंत्री ने दावा किया कि पूरा घर ‘‘बिल्कुल वैसा ही है, जैसा पहले था।’’ उन्होंने कहा कि बाद में जनता टिकट खरीदकर इस आवास का दौरा कर सकेगी।
अधिकारियों के अनुसार, टिकट की कीमत करीब 20 रुपये होने की संभावना है। वरिष्ठ नागरिकों और कॉलेज के विद्यार्थियों को मुफ्त प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इससे पहले, सरकार ने यह भी घोषणा की थी कि आवास के प्रबंधन के लिए एक निजी आतिथ्य कंपनी की सेवाएं ली जाएंगी।
सरकार इस आवास का इस्तेमाल आधिकारिक सम्मेलनों, दोपहर के भोज और बैठकों के लिए करने की योजना बना रही है। दिल्ली में 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक पर इस बंगले के निर्माण और साज-सज्जा पर अत्यधिक खर्च करने का आरोप लगाया था। यह आरोप केजरीवाल की उस आम आदमी की सादगीपूर्ण छवि के विपरीत था, जिसके दम पर उन्होंने सत्ता तक का सफर तय किया था।
अगले साल पंजाब विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने इस मुद्दे पर अपना हमला और तेज कर दिया है। सरकार जल्द ही इस बंगले को आम लोगों के लिए खोलने जा रही है।
केजरीवाल 2015 से अक्टूबर 2024 तक अपने परिवार के साथ इस बंगले में रहे। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने यह आवास खाली कर दिया था।
अन्य न्यूज़














