Himanta Biswa Sarma का बड़ा एक्शन, 16 मंत्रियों को सौंपी जिलों की कमान, Mission Assam को मिलेगी रफ्तार!

Himanta Biswa
ANI

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने अपने 16 कैबिनेट मंत्रियों को विभिन्न जिलों का प्रभारी नियुक्त किया है, जिसका उद्देश्य विकास कार्यों की निगरानी करना और सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। यह कदम जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर राज्य की प्रगति को गति देने के लिए उठाया गया है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंत्रिमंडल के अपने 16 सहयोगियों को जिले का प्रभार आवंटित करने की रविवार को घोषणा की। इन मंत्रियों को स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर संबंधित जिलों में विकास कार्यों की निगरानी और देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रभारी मंत्री के रूप में वे अपने-अपने जिलों में सभी सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के सुचारु तथा प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार होंगे।

शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे असम सरकार के मंत्रियों को जिलों का प्रभार सौंपने की घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है। मुझे विश्वास है कि सभी मंत्री जिला प्रशासन के साथ मिलकर काम करेंगे और राज्य की प्रगति तथा समृद्धि की यात्रा को और अधिक गति प्रदान करेंगे।’’ रामेश्वर तेली को तिनसुकिया और जोरहाट का प्रभार दिया गया है, जबकि अतुल बोरा को कामरूप महानगर और धेमाजी की जिम्मेदारी दी गई है।

कोकराझार, बक्सा और चिरांग चरण बोरो को, मोरीगांव और कामरूप अजंता निओग को, बोंगाईगांव और बारपेटा अश्विनी रे सरकार को, दरांग और धुबरी अशोक सिंघल को, शिवसागर और चराइदेव बिमल बोरा को, और नलबाड़ी और सोनितपुर बिस्वजीत दैमारी को आवंटित किए गए हैं।

शर्मा ने कहा कि तामुलपुर और गोलपारा जयंत मल्लबरुआ को जबकि श्रीभूमि और हैलाकांडी की जिम्मेदारी कौशिक राय को, दक्षिण सलमारा-मनकचर और उत्तरी लखीमपुर केशब महंत को, तथा दिमा हसाओ और कछार की जिम्मेदारी कृष्णेंदु पॉल को सौंपी गई है। पीयूष हजारिका नगांव, होजाई, कार्बी आंगलोंग और पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिलों के प्रभारी मंत्री होंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़