Ayodhya Ram Mandir परिसर का निर्माण 30 सितंबर तक होगा पूरा, नृपेंद्र मिश्रा ने दी जानकारी

Ayodhya Ram
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष ने अयोध्या में संवाददाताओं को बताया कि मुख्य परिसर के सभी शेष कार्य तय समय सारणी के तहत चल रहे हैं। इसके अलावा, अक्टूबर के अंत तक एलएंडटी और टाटा की टीमें अपना कार्य संपन्न करके लौट जाएंगी। मंदिर परिसर के संग्रहालय और सभागार का काम मार्च 2027 तक पूरा होने की संभावना है।

अयोध्या के राम मंदिर परिसर में निर्माण कार्य 30 सितंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मिश्रा ने संवाददाताओं से कहा कि मंदिर परिसर में शेष निर्माण कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चल रहा है और सितंबर के अंत तक पूरा हो जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘30 सितंबर तक राम मंदिर परिसर में निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। 30 अक्टूबर तक एलएंडटी और टाटा के लोग भी अपना कार्य पूरा करके चले जाएंगे।’’ मिश्रा ने कहा कि राजकीय निर्माण निगम द्वारा किया जा रहा सभागार और संग्रहालय का निर्माण मुख्य मंदिर परिसर के पूरा होने के बाद भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम और संग्राहलय का काम मार्च 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।

मिश्रा ने कहा कि संग्रहालय की सभी दीर्घाओं के लिए कथानक पहले ही तैयार किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अगला कदम इन कहानियों को वीडियो फॉर्म में बदलना होगा। आईआईटी मद्रास के विशेषज्ञ यह काम करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि निर्माण और संबंधित कार्य पूरा होने के बाद भक्तों को फरवरी-मार्च 2027 के बाद संग्रहालय में जाने की अनुमति दी जाएगी।

मिश्रा ने कहा कि मंदिर परिसर के चारों ओर की चारदीवारी दिसंबर तक पूरी होने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि एलएंडटी, टाटा और परियोजना से जुड़े अन्य आपूर्तिकर्ताओं को किए गए भुगतान की मंदिर ट्रस्ट की बैठक के दौरान विस्तार से समीक्षा की जाएगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़