Bareilly Police ने Maulana Maroof को किया गिरफ्तार, भगवान राम-कृष्ण पर की थी टिप्पणी

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की बहेड़ी पुलिस ने सोशल मीडिया पर भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के खिलाफ कथित आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के आरोप में मौलाना मारूफ रजा खान को गिरफ्तार किया है। मंगदपुर निवासी रजत पंडित की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की। क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह के अनुसार पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है।
बरेली जिले के बहेड़ी क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के बारे में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने मौलाना मारूफ रजा खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर बृहस्पतिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्राधिकारी (बहेड़ी) अरुण सिंह ने बताया कि मंगदपुर निवासी रजत पंडित ने बहेड़ी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि मौलाना मारूफ रजा खान ने अपने फेसबुक पेज पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर की गई कथित टिप्पणियों से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को संबंधित फेसबुक पेज की छायाप्रति और अन्य जानकारी भी उपलब्ध कराई। सिंह ने बताया कि विवादित वीडियो सामने आने के बाद मौलाना को गिरफ्तार कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत कार्रवाई की गई। अब शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस वायरल वीडियो की वास्तविकता, उसमें कही गई बातों के संदर्भ और उसके प्रसार से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपों की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि वीडियो की जांच तथा विवेचना पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
अन्य न्यूज़















