Bengaluru Police ने पकड़ी 317 किलो गांजे की खेप, केरल ले जा रहे दो तस्कर अरेस्ट

कुंबलगोडु पुलिस ने कंबीपुरा स्थित ईदगाह मैदान के पास एक कार से 317 किलोग्राम गांजा बरामद कर दो लोगों को हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ओडिशा से सस्ते दाम पर गांजा खरीदकर बेंगलुरु के रास्ते केरल में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज कर मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
ओडिशा से बेंगलुरु के रास्ते केरल ले जाए जा रहे 1.78 करोड़ रुपये मूल्य के 317 किलोग्राम गांजे को जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी कथित तौर पर इसे ऊंचे दाम पर बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कुंबलगोडु पुलिस थाने के कर्मियों को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक कार में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर बेंगलुरु के रास्ते केरल ले जाया जा रहा है। इसके बाद 12 अक्टूबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सूचना के आधार पर एक टीम बताए गए स्थान पर पहुंची और बेंगलुरु के कंबीपुरा स्थित ईदगाह मैदान के पास एक कार को रोका और उसमें सवार दोनों लोगों को पकड़ लिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे छह अक्टूबर को केरल से बेंगलुरु आए थे और आरटी नगर में किराये पर एक कार ली थी। उन्होंने बताया कि इसके बाद दोनों ओडिशा गए, जहां उन्होंने कथित तौर पर एक अज्ञात व्यक्ति से कम कीमत पर गांजा खरीदा।
अधिकारी के अनुसार, आरोपी इस गांजे को बेंगलुरु के रास्ते केरल के कुमारमंगलम ले जाकर ग्राहकों को ऊंचे दाम पर बेचना चाहते थे। वे 11 अक्टूबर को बेंगलुरु लौटे और बोम्मासंद्रा के एक होटल में रात बिताई। पुलिस ने बताया कि जब्त कार की तलाशी के दौरान करीब 317 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
गांजे के साथ कार भी जब्त कर ली गई। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की कीमत 1.78 करोड़ रुपये बताई गई है, जबकि इसका बाजार मूल्य 3.17 करोड़ रुपये आंका गया है। पुलिस ने बताया कि गांजे की खरीद और ढुलाई में शामिल लोगों के साथ-साथ इसकी बिक्री में मदद करने वालों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मामले की जांच जारी है।
अन्य न्यूज़













