Gujarat में भाजपा को बड़ा झटका, दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री जयनारायण व्यास कांग्रेस में शामिल

Jay Narayan Vyas
ANI
अंकित सिंह । Nov 28 2022 5:23PM

जयनारायण व्यास भाजपा से नाराज चल रहे थे। निजी कारणों का हवाला देते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। राजनीतिक तौर पर यह बातें चल रही थी कि उन्होंने अपने बेटे के लिए टिकट की मांग की थी जो कि पार्टी से नहीं मिला। जयनारायण व्यास के बेटे समीर व्यास भी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

गुजरात में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। चुनाव से ठीक पहले गुजरात भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व में मंत्री रहे जयनारायण व्यास कांग्रेस में शामिल हो गए। कुछ दिन पहले ही उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मौजूदगी में वह पार्टी में शामिल हुए। इस दौरान जयनारायण व्यास ने राहुल गांधी और कांग्रेस की जमकर सराहना की। हालांकि, भाजपा के पूर्व नेता ने पार्टी से अलग होने का भी दुख जताया। उन्होंने कहा कि जिस घर में आप हम 32 साल से रह रहे हो, उसे छोड़कर जाने पर दुख होता है। लेकिन मैंने देखा कि वहां एक बड़ा बरगद का पेड़ फैला हुआ है और आप लोगों को पता है कि बरगद के पेड़ के नीचे कुछ नहीं उगता है। 

इसे भी पढ़ें: 'कांग्रेस के शासन में हमारे जवानों के सिर काट लिए जाते थे', अमित शाह बोले- पीएम मोदी ने देश को किया सुरक्षित

दरअसल, जयनारायण व्यास भाजपा से नाराज चल रहे थे। निजी कारणों का हवाला देते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। राजनीतिक तौर पर यह बातें चल रही थी कि उन्होंने अपने बेटे के लिए टिकट की मांग की थी जो कि पार्टी से नहीं मिला। जयनारायण व्यास के बेटे समीर व्यास भी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। जयनारायण व्यास गुजरात के पढ़े-लिखे नेताओं में आते हैं। उन्होंने आईआईटी मुंबई से पढ़ाई की है। 2012 और 2017 में उन्हें विधानसभा चुनाव में हार मिली थी। जयनारायण व्यास 2007 से 2012 के बीच गुजरात में नरेंद्र मोदी की सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं। भाजपा की ओर से गुजरात में मुख्यमंत्रियों को लेकर किए गए बदलाव और कैबिनेट को लेकर किए गए बदलाव पर उन्होंने सवाल उठाए थे और कहा था कि यह राज्य के हित में नहीं है। 

इसे भी पढ़ें: आतंकवाद के प्रति नरम रुख रखने वालों और विकास के विरोधियों से सावधान रहे गुजरात की जनता

राहुल गांधी की तारीफ करते हुए जयनारायण व्यास ने कहा कि वह ना केवल कांग्रेस बल्कि हर उस व्यक्ति के नेता हैं जो खुद में एक भारतीय को देखते हैं। भाजपा के पूर्व नेता ने कहा कि मुझे लगता है कि यह पार्टी किसी व्यक्ति को केंद्र में रखकर बातें नहीं करती है, लेकिन जहां अध्यक्ष को भी चुना जाता है (लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से) और पद के लिए केवल एक नाम का उपयोग नहीं किया जाता है। केवल कांग्रेस के पदाधिकारी ही तय करते हैं कि नेता किसे होना चाहिए। और संघ जैसा कोई बाहरी कारक इसमें शामिल नहीं होता है। जयनारायण व्यास ने राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे वह पूरा करेंगे। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़