Siwan Firecracker Blast: सिवान में मकान में रखे पटाखों में धमाके से पांच की मौत, दो नाबालिग शामिल

सिवान जिले में एक मकान में रखी पटाखा सामग्री में जोरदार विस्फोट होने से मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के अनुसार मृतकों में दो नाबालिग भी शामिल हैं और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल अवैध पटाखा इकाई के लिए विस्फोटक सामग्री जुटाने के स्रोतों की जांच कर रही है।
बिहार के सिवान जिले में एक मकान में रखे पटाखों में विस्फोट होने के कारण मरने वालों की संख्या दो और लोगों की मौत के बाद बढ़कर पांच हो गई है, मरने वालों में दो नाबालिग हैं। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। सिवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भारत सोनी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “इस घटना में पांच लोगों की मौत हुई है।
फिलहाल कोई भी घायल व्यक्ति अस्पताल में भर्ती नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ लोगों को मामूली चोट आई थीं, लेकिन उन्होंने पुलिस या संबंधित एजेंसियों को इसकी जानकारी नहीं दी है। हम घटना में घायल हुए किसी भी व्यक्ति का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।” मृतकों की पहचान अमरुद्दीन अहमद (70), मुस्कल सिद्दीकी (20), खुशबू सिद्दीकी (10), अरशद सिद्दीकी (8) और राज कुमार उर्फ भोला (35) के रूप में हुई है।
पुलिस के एक बयान के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेज दिया गया। एसपी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पटाखे बनाने वाली इस “अवैध” इकाई के लिए विस्फोटक सामग्री कहां से खरीदी गई थी।
अन्य न्यूज़













