भाजपा नेता विजय जौली पर बलात्कार का मामला दर्ज

[email protected] । Feb 23 2017 2:39PM

दिल्ली के पूर्व भाजपा विधायक विजय जौली पर बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है। उन पर एक महिला ने कथित तौर पर नशीले पदार्थ देकर बलात्कार करने का आरोप लगाया है।

गुरूग्राम। दिल्ली के पूर्व भाजपा विधायक विजय जौली पर बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है। उन पर एक महिला ने कथित तौर पर नशीले पदार्थ देकर बलात्कार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि दिल्ली की रहने वाली महिला द्वारा यहां महिला पुलिस थाने में 21 फरवरी को शिकायत दर्ज करवाने के बाद साकेत के पूर्व विधायक पर भादंवि की धारा 376, 328 और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि 10 फरवरी को गुड़गांव के आपणो घर रिसार्ट में जौली ने उसके पेय पदार्थ में कोई नशीली चीज मिला दी थी और उसके बाद दुष्कर्म किया। विजय जौली वर्ष 2003 से 2008 तक विधायक थे। उन्होंने कहा कि महिला के खिलाफ उन्होंने 17 फरवरी को ब्लैकमेल करने और जबरन वसूली करने का मामला दर्ज करवाया था। जौली ने कहा कि सभी आरोप मनगढंत हैं और ये उन्हें बदनाम करने एवं उनकी राजनीतिक छवि को कलंकित करने के लिए लगाये गये हैं।

उन्होंने कहा कि वह महिला भाजपा की महिला शाखा की सदस्य है और वह 10 फरवरी को उनसे अकेले रिसार्ट में मिली थी। वहां महिला ने उनसे जबरन पांच लाख रूपए वसूलने की कोशिश की और ऐसा न करने पर उनके खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज करवाने की धमकी भी दी थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जौली की शिकायत के आधार पर खिड़की दौला पुलिस थाने में महिला के खिलाफ भादंवि की धारा 384, 120 बी और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, ''महिला और उसके पति को जब पता चला कि मैंने उसके खिलाफ जबरन वसूली और धमकी देने की शिकायत दर्ज करवाई है तो उन्होंने पुलिस की जांच और कार्रवाई की दिशा को मोड़ने के लिए मेरे खिलाफ मनगढंत आरोप लगाये।’’ गुरूग्राम पुलिस आयुक्त संदीप खिरवार ने कहा, ''हम मामलों की जांच कर रहे हैं और जौली एवं महिला की प्राथमिकियों और उनके द्वारा लगाए गए आरोपों का गहन अध्ययन कर रहे हैं।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़