यौन उत्पीड़न के आरोपी सांसद के बचाव पर Congress मुख्यालय घेरेगी BJP महिला मोर्चा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारतीय जनता पार्टी की महिला इकाई ने कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई न होने पर दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध मार्च निकालने का फैसला किया है। जेएनयू से बर्खास्त प्रोफेसर पर छात्राओं के उत्पीड़न का आरोप है। भाजपा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर आरोपी सांसद को बचाने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला इकाई ने रविवार को आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी यौन उत्पीड़न के आरोपी एक सांसद को बचा रहे हैं, जिसके विरोध में उसके सदस्य यहां कांग्रेस मुख्यालय के बाहर मार्च निकालेंगे। भाजपा महिला मोर्चा ने कहा कि वह कांग्रेस द्वारा इनर मणिपुर से अपने सांसद प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम का बेशर्मी से बचाव करने के खिलाफ सोमवार को नारी शक्ति हुंकार आंदोलन आयोजित करेगा। 11 छात्रों के यौन उत्पीड़न के आरोप में प्रोफेसर को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से बर्खास्त कर दिया गया है।

भाजपा ने कहा कि विरोध मार्च दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित आंध्र एजुकेशन सोसाइटी स्कूल से शुरू होकर आईटीओ पर कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन की ओर जाएगा, जहां प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी और प्रभारी दग्गुबाती पुरंदेश्वरी के नेतृत्व में पार्टी की महिला सांसद, विधायक, पार्षद और दिल्ली प्रदेश महिला मोर्चा की हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगी। भाजपा ने कहा कि नौ अक्टूबर को जेएनयू की आंतरिक शिकायत समिति ने यौन उत्पीड़न और ‘अंक देने के बदले यौन संबंध बनाने’ से जुड़े आरोपों को सही पाए जाने के बाद अकोइजम को बर्खास्त कर दिया था।

पार्टी ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की चुप्पी दर्शाती है कि कांग्रेस कथित कदाचार के मामले में अपने सांसद के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें संरक्षण दे रही है। भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, जो खुद को महिलाओं के अधिकारों का ‘चैंपियन’ बताते हैं और पितृसत्ता को खत्म करने का दावा करते हैं, महिलाओं की सुरक्षा पर सिर्फ खोखले भाषण देते हैं। पार्टी ने कहा, क्या राहुल गांधी, जो पितृसत्ता को खत्म करने की बातें करते रहते हैं, उन्हें इन युवा महिलाओं का दर्द नहीं दिखता?

भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी कोई इत्तफाक नहीं है, बल्कि अपराधियों को बचाने की लंबे समय से जारी पार्टी की प्रवृत्ति का हिस्सा है। उसने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर पहले भी महिलाओं के खिलाफ अपराध और उनके अपमान से जुड़े कई मामले सामने आ चुके हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की कई महिला नेताओं ने पहले भी पार्टी के अंदर की आपत्तिजनक गतिविधियों का खुलासा किया था।

उसने दावा किया कि तंदूर कांड से लेकर भंवरी देवी और केरलम की घटनाओं तक, कांग्रेस की प्रवृत्ति अपराधियों को बचाने और तभी कार्रवाई करने की रही है, जब वह बुरी तरह घिर जाती है। भाजपा ने आरोप लगाया कि 2023 में कांग्रेस ने अंकिता दत्ता को पार्टी से निकाल दिया था, जिन्होंने बीवी श्रीनिवास के खिलाफ उत्पीड़न और लिंग-आधारित भेदभाव की शिकायत की थी। उसने कहा कि 2024 में बाड़मेर से कांग्रेस के पूर्व विधायक मेवाराम जैन पर नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म के आरोप लगे थे, तब कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया था, लेकिन हाल में उन्हें फिर से पार्टी में शामिल कर लिया गया।

भाजपा ने कहा कि इस मार्च के जरिये वह साफ कर देना चाहती है कि देश की महिलाएं यौन उत्पीड़न के आरोपी सांसद को बचाने की राहुल गांधी की कोशिश को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगी। पार्टी ने मांग की कि राहुल गांधी आरोपी सांसद को तुरंत कांग्रेस से निकालें, यह सुनिश्चित करें कि वह लोकसभा से इस्तीफा दें और 11 छात्राओं से माफी मांगें।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़