हिमाचल चुनाव को लेकर भाजपा ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, जानें पीएम मोदी के अलावा किस-किस के हैं नाम

modi nadda
ANI
अंकित सिंह । Oct 21 2022 8:22PM

भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में सबसे ऊपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम है। इसके अलावा स्टार प्रचारकों की सूची में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह के अलावा पूर्व अध्यक्ष तथा वर्तमान में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का भी नाम है।

हिमाचल प्रदेश की 68 सीटों पर होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा अपनी तैयारियों में लगातार जुटी हुई है। चुनाव आयोग की ओर से हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान भी किया जा चुका है। इसके साथ ही विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार भी अब जोर पकड़ने लगा है। इन सब के बीच भाजपा ने आज अपने स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है। भाजपा की ओर से 40 सदस्यों वाली स्टार प्रचारकों की सूची जारी की गई है। भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में सबसे ऊपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम है। इसके अलावा स्टार प्रचारकों की सूची में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह के अलावा पूर्व अध्यक्ष तथा वर्तमान में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का भी नाम है। 

इसे भी पढ़ें: हिमाचल में चुनावी सभा में भावुक हुए अनुराग ठाकुर, कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के बीच बोले- सारी उम्र आपका अहसान नहीं भूलूंगा

भाजपा संगठन के महामंत्री बीएल संतोष के अलावा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, अनुराग सिंह ठाकुर, वीके सिंह, हरदीप पुरी का भी नाम स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल है। स्टार प्रचारकों की सूची में भाजपा शासित 4 राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी जगह दी गई है। इसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का नाम है। इसके साथ ही बिहार के नेता मंगल पांडे, भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी तथा तेजतर्रार प्रवक्ता संबित पात्रा का भी नाम है। 

इसे भी पढ़ें: हिमाचल में कांग्रेस के चुनाव प्रचार की अगुवाई करेंगी प्रियंका गांधी, राहुल के शामिल होने की संभावना

आपको बता दें कि 68 सीटों वाली हिमाचल विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुख्य मुकाबला कांग्रेस से हैं। हालांकि आम आदमी पार्टी के एंट्री के बाद से चुनावी नतीजों को लेकर तरह-तरह की संभावनाएं जताई जा रही है। हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा के चुनाव होंगे जबकि नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे। भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की सूची पहले ही जारी कर दी है। इसके अलावा प्रत्याशियों का नामांकन भी जारी है। भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सिराज विधानसभा सीट से गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल किया। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़