भाजपा ने बताया ''आजादी'' में क्या है उसका योगदान

[email protected] । Feb 27 2017 10:37AM

आजादी के आंदोलन में जनसंघ और भाजपा की भूमिका नहीं होने के आरोप को खारिज करते पार्टी ने कहा कि गोवा, दादर नागर हवेली, पुदुचेरी को आजाद कराने में जनसंघ ने अहम भूमिका निभाई।

जयपुर। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) रामलाल ने कांग्रेस के आजादी के आंदोलन में जनसंघ और भाजपा की कोई भूमिका नहीं होने के आरोप को खारिज करते कहा कि जनसंघ के 1951 में गठन के बाद गोवा, दादर नागर हवेली, पुदुचेरी राज्यों को आजाद कराने में जनसंघ ने अहम भूमिका निभाई है। भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग के तीसरे दिन रविवार को ‘भारतीय जनता पार्टी का इतिहास एवं विकास’ विषय पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए रामलाल ने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर निर्माण, शाहबानो प्रकरण, बोफोर्स घोटाला, कश्मीर मसला, आतंकवाद आदि विषयों पर कई आंदोलन देश में किये हैं। इसी कारण पार्टी आगे बढ़ रही है और 2014 में भारत के राजनीतिक इतिहास में पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बनी।

उन्होंने कहा कि विश्व में सबसे ज्यादा सदस्यता, भारत में सबसे अधिक सांसद, विधायक, मुख्यमंत्री, भाजपा सरकार में हैं। यह सब भाजपा को हजारों कार्यकर्ताओं के खून पसीने से मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा का एक ही ध्येय है ‘समृद्ध भारत सम्मानित भारत’। हम राजनीति में मिशन के लिए आये हैं। इसी उद्देश्य को लेकर जनसंघ से भाजपा के नेताओं ने अपना मिशन पूरा किया।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा कि पार्टी असंख्य लोगों के बलिदान, अथक परिश्रम, सुदृढ़ संगठनात्मक ढांचा, प्रखर राष्ट्रवादी नेतृत्व के कारण 10 से 11 करोड़ की सदस्यता वाली पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास जमा होने वाला एक एक पैसे का हिसाब एवं रिकॉर्ड रखना चाहिए, जो बहुत आवश्यक है। इसके अलावा 2 हजार रूपये से अधिक का चंदा कैशलेस डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना चाहिए।

पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. महेश चंद शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा स्टैंडअप, स्टार्टअप, मुद्राधन, जनधन योजनाएं जैसी हैं, वैसी लागू कर पाते हैं तो यह भारत के स्वरोजगार क्षेत्र को ताकत देने वाले हैं। इस अवसर पर राजस्थान के सहकारिता मंत्री अजय सिंह किलक ने भी अपने विचार व्यक्त किये।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़