BJP ने Rahul Gandhi के पुणे छात्र संवाद को हास्य कार्यक्रम करार दिया

महाराष्ट्र भाजपा के उपाध्यक्ष केशव उपाध्ये ने पुणे में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय केवल बयानबाजी की गई और छात्रों को बसों में लाकर इस आयोजन को राजनीतिक सभा बना दिया गया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के उपाध्यक्ष केशव उपाध्ये ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुणे में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम को ‘राजनीतिक हास्य कार्यक्रम’ करार देते हुए रविवार को आरोप लगाया कि उन्होंने छात्रों से जुड़े मुद्दों पर बात करने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी की। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शनिवार को पुणे में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ पर प्रतिक्रिया देते हुए उपाध्ये ने दावा किया कि कांग्रेस सांसद के बयानों और उनकी पार्टी के पुराने रुख में विरोधाभास है। भाजपा नेता ने एक बयान में यह भी दावा किया कि छात्रों को कॉलेज की बसों से कार्यक्रम में लाया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने छात्रों के नाम पर आयोजित कार्यक्रम को राजनीतिक सभा में बदल दिया। उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी का पुणे कार्यक्रम एक और राजनीतिक हास्य कार्यक्रम था।’’ उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता का भाषण ‘‘बड़े-बड़े बयानों और चिर-परिचित आरोपों’’ से भरा था, लेकिन उसमें कांग्रेस के अपने रिकॉर्ड का जिक्र नहीं था। उपाध्ये ने महिला आरक्षण पर कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाया और आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी और तीन तलाक के खिलाफ कानून का विरोध किया था।
उन्होंने कहा, ‘‘मनुवाद खोजने से पहले कांग्रेस को खुद को आईने में देखना चाहिए।’’ भाजपा नेता ने दावा किया कि कांग्रेस नरेन्द्र मोदी सरकार के विकास कार्यों का मुकाबला करने में असमर्थ है और इसलिए जाति तथा धर्म से जुड़े मुद्दे उठाने की कोशिश कर रही है। उपाध्ये ने आरोप लगाया, ‘‘सत्ता गंवाने की निराशा, चुनावी हार का गुस्सा और मोदी का डर मिलकर राहुल गांधी के इस कथित हास्य कार्यक्रम की वजह बने हैं।
अन्य न्यूज़













