यौन उत्पीड़न के आरोपी कांग्रेस सांसद Bimol Akoijam पर कार्रवाई के लिए Om Birla से मिलेंगी BJP सांसद

भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी के नेतृत्व में पार्टी की महिला सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट करेगा। कम से कम 11 छात्राओं की शिकायत और यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को नौ अक्टूबर को जेएनयू के प्रोफेसर पद से बर्खास्त कर दिया गया था। जेएनयू के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर रविवार को उनके विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज की गई है, हालांकि सांसद ने इन आरोपों से इनकार किया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात करेगा और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगा। अकोइजम को यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद हाल ही में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रोफेसर पद से बर्खास्त कर दिया गया था। भाजपा के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल लोकसभा अध्यक्ष के संसद भवन स्थित कार्यालय में उनसे मुलाकात करेगा।
भाजपा ने कहा, ‘‘भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी के नेतृत्व में महिला सांसदों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात करेगा और यौन उत्पीड़न के मामले में आरोपी कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगा।’’ अकोइजम जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के सामाजिक विज्ञान संकाय के अंतर्गत सामाजिक व्यवस्था अध्ययन केंद्र में प्रोफेसर थे। उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद नौ अक्टूबर को उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया था। हालांकि, उन्होंने आरोपों से इनकार किया है।
इस साल मई में कम से कम 11 छात्राओं ने उनके खिलाफ शिकायत की थी। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि अकोइजम मिलने या अन्य आयोजनों के बहाने छात्राओं को परिसर स्थित अपने आवास पर बुलाते थे और उनका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश करते थे। कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया था कि वह कक्षा में अश्लील और अनुचित टिप्पणियां करते थे।
जेएनयू के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर रविवार को अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई।
अन्य न्यूज़














