Mumbai Mayor के दफ्तर, Amitabh Bachchan के आवास और Diljit Dosanjh के शो पर बम हमले की धमकी

बृहन्मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में महापौर कार्यालय, अमिताभ बच्चन के बंगले और दिलजीत दोसांझ के आगामी संगीत कार्यक्रम को निशाना बनाने की धमकी भरा ईमेल मिला है। जांच एजेंसियों ने बीएमसी परिसर की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। धमकी के बाद मुंबई पुलिस ने संबंधित सभी स्थानों और शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी है।
मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े को शुक्रवार को भेजे गए एक ईमेल में उनके कार्यालय, अभिनेता अमिताभ बच्चन के घर और गायक दिलजीत दोसांझ के संगीत कार्यक्रम के आयोजन स्थल पर बम विस्फोट करने की धमकी दिए जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों और मुंबई पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।, अधिकारी ने बताया कि ईमेल में दावा किया गया कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मुख्यालय स्थित महापौर के कार्यालय में दोपहर तीन बजकर 11 मिनट पर विस्फोट होगा। परिसर की तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पुलिस के अनुसार, उपमहापौर संजय घाडी को भी भेजे गए इस ईमेल में 31 अक्टूबर को एक स्कूल पर ग्रेनेड हमले की चेतावनी दी गई थी। इसमें अभिनेता अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित आवास ‘जलसा’ को भी 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच निशाना बनाने की धमकी दी गई है। ईमेल में ‘खालिस्तान’ का भी उल्लेख किया गया और दावा किया गया कि 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स क्षेत्र में गायक दिलजीत दोसांझ के संगीत कार्यक्रम के दौरान भी हमला किया जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि धमकी मिलने के बाद कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने व्यापक जांच शुरू कर दी है। जांच का उद्देश्य संदेश की प्रामाणिकता की पुष्टि करना, उसके स्रोत का पता लगाना और ईमेल भेजने वाले की पहचान करना है। अधिकारी ने कहा कि एहतियाती कदम के तौर पर महापौर के कार्यालय, महालक्ष्मी रेसकोर्स, शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों और ईमेल में उल्लेखित सभी स्थानों पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था काफी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
अन्य न्यूज़













