Goa के नाइटक्लब अग्निकांड में Bombay HC का आदेश, पीड़ितों को 20-20 लाख रुपये दें लूथरा बंधु

Goa के नाइटक्लब अग्निकांड में Bombay HC का आदेश, पीड़ितों को 20-20 लाख रुपये दें लूथरा बंधु
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

बॉम्बे उच्च न्यायालय ने उत्तरी गोवा के अरपोरा स्थित 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइटक्लब अग्निकांड में जान गंवाने वाले 25 लोगों के परिवारों को अंतरिम राहत के रूप में 20-20 लाख रुपये जमा कराने का निर्देश मालिकों को दिया है। न्यायमूर्ति वाल्मीकि मेनेजेस और न्यायमूर्ति अमित जामसांडेकर की पीठ ने स्पष्ट किया कि यह भुगतान मुख्य कानूनी लड़ाई में उनकी दलीलों को प्रभावित नहीं करेगा। अदालत ने दोनों पक्षों को इस अंतरिम व्यवस्था पर चर्चा कर 21 अक्टूबर तक जानकारी देने को कहा है।

बॉम्बे उच्च न्यायालय ने सोमवार को ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को पिछले साल उत्तरी गोवा स्थित उनके प्रतिष्ठान में लगी भीषण आग में मारे गए 25 लोगों के परिजनों को अंतरिम मुआवजे के तौर पर 20-20 लाख रुपये जमा करने का निर्देश दिया। न्यायमूर्ति वाल्मीकि मेनेजेस और न्यायमूर्ति अमित जामसांडेकर की खंडपीठ ने उत्तरी गोवा के अरपोरा में दिसंबर 2025 में लगी आग के पीड़ितों को राहत देने से संबंधित याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया। पीठ ने स्पष्ट किया कि यह राशि जमा करने का निर्देश मुख्य मामले में अंतिम दलीलों के अधीन होगा।

पीड़ितों के परिजनों की ओर से पेश अधिवक्ता प्राची सावंत ने अदालत को बताया कि उन्होंने प्रत्येक परिवार के लिए 50 लाख रुपये के मुआवजे की मांग की थी, जबकि नाइटक्लब के मालिकों ने 25 लाख रुपये देने की पेशकश की थी। सावंत ने अदालत से कहा, ‘‘मैंने उन्हें समझाया था, लेकिन उन्होंने अनुरोध किया कि करीब 50 लाख रुपये दिए जा सकते हैं।’’ पीठ ने सुझाव दिया कि नाइटक्लब के मालिक मुख्य मामले में अपनी दलीलों को प्रभावित किए बिना अंतरिम मुआवजे के तौर पर 20-20 लाख रुपये जमा करें। न्यायाधीशों ने कहा, ‘‘राशि अदालत में जमा करें।

मुख्य मामले में उनकी कानूनी लड़ाई जारी रहेगी।’’ उन्होंने पक्षों से अगली सुनवाई से पहले इस व्यवस्था पर सहमति बनाने को कहा। सावंत ने यह भी बताया कि आग में मारे गए चार पर्यटकों के परिजनों ने हरियाणा के एक उपभोक्ता अदालत में मामला दायर किया है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित मुआवजे को लेकर वह अभी तक सभी पीड़ितों के परिजनों से जवाब नहीं ले पाई हैं।

अदालत ने इस मामले में नियुक्त न्याय मित्र से घटना के संबंध में लंबित मामलों की विस्तृत सूची तैयार करने को कहा। पीठ ने पक्षों से प्रस्तावित अंतरिम मुआवजे पर चर्चा करने और 21 अक्टूबर तक उसे इसके नतीजे से अवगत कराने को कहा। इस मामले पर 21 अक्टूबर को फिर सुनवाई होगी।

उत्तरी गोवा के अरपोरा गांव स्थित नाइटक्लब में छह दिसंबर, 2025 को उस समय आग लग गई थी, जब वहां डांस पार्टी चल रही थी। इस घटना में 25 लोगों की मौत हो गई थी और 50 लोग घायल हुए थे। घटना के बाद थाईलैंड भाग गए लूथरा बंधुओं को 17 दिसंबर को वहां से भारत प्रत्यर्पित किया गया था।

फिलहाल वे उत्तरी गोवा की कोलवाले केंद्रीय जेल में बंद हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़