केंद्रीय बजट चुनावी राज्य बंगाल के प्रति भाजपा के सौतेले रवैये का प्रदर्शन : अभिषेक बनर्जी

आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार का दावा करते हुए, तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने आरोप लगाया कि भाजपा ‘‘पश्चिम बंगाल की जनता को सबक सिखाने’’ की कोशिश कर रही है।
तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने रविवार को पेश केंद्रीय बजट को चुनावी राज्य बंगाल के प्रति भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘‘सौतेले रवैये’’ का प्रतिबिंब बताया। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार का दावा करते हुए, तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने आरोप लगाया कि भाजपा ‘‘पश्चिम बंगाल की जनता को सबक सिखाने’’ की कोशिश कर रही है। तृणमूल मीडिया प्रकोष्ठ द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, बनर्जी ने संसद के बाहर पत्रकारों से कहा, ‘‘बंगाल में वे हार रहे हैं।
इसलिए भाजपा अपने सौतेले रवैये से लोगों को सबक सिखाने की कोशिश कर रही है।’’ लोकसभा में डायमंड हार्बर सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले बनर्जी ने कहा, ‘‘लेकिन लोकतंत्र में यह बात उलटी पड़ती है। आने वाले चुनावों में जनता भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी।
बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्र ने पश्चिम बंगाल को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले उसके बकाया से वंचित कर दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम पिछले पांच वर्षों से यही कहते आ रहे हैं: यदि यह सरकार श्वेतपत्र जारी करके यह साबित कर दे कि 2021 के पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की करारी हार के बाद मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) के तहत बंगाल से एक भी जॉब कार्ड धारक को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से पैसा मिला है, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।’’
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा, ‘‘वे यह साबित करें कि पिछले चार वर्षों में आवास योजना के तहत, जिसमें केंद्र सरकार 60 प्रतिशत धनराशि प्रदान करती है, बंगाल से एक भी व्यक्ति को पैसा मिला हो।’’ उन्होंने कहा, ‘‘2021 के चुनाव में मिली करारी हार के बाद से उन्होंने ग्रामीण सड़क योजना के तहत बंगाल को 10 पैसे तक नहीं दिए हैं।
अन्य न्यूज़












