CBI ने रिश्वत मामले में ED के दो अधिकारियों को दबोचा, 5 लाख रुपये लेते रंगे हाथ पकड़े गए

CBI ने रिश्वत मामले में ED के दो अधिकारियों को दबोचा, 5 लाख रुपये लेते रंगे हाथ पकड़े गए
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने लखनऊ प्रवर्तन निदेशालय में तैनात दो अधिकारियों को पांच लाख रुपये की घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों में प्रवर्तन अधिकारी दीपक कुमार और सीआरपीएफ से प्रतिनियुक्ति पर आए मुख्य आरक्षी मनोज द्विवेदी शामिल हैं। सीबीआई के अनुसार बैंक धोखाधड़ी के मामले में मदद के बदले शिकायतकर्ता के पिता से यह रकम मांगी गई थी।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पांच लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के लखनऊ कार्यालय के दो अधिकारियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवर्तन अधिकारी दीपक कुमार और मुख्य आरक्षी मनोज द्विवेदी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि द्विवेद्वी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) से प्रतिनियुक्ति पर ईडी में आए हैं।

सीबीआई ने इससे पहले एक शिकायत के आधार पर द्विवेदी और ईडी के अन्य अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। सीबीआई के एक प्रवक्ता ने कहा, “आरोप है कि मुख्य आरक्षी ने कथित बैंक धोखाधड़ी से संबंधित ईडी मामले में मदद के लिए शिकायतकर्ता के पिता से रिश्वत मांगी थी। इस मामले में उन्हें अगस्त और सितंबर 2026 में दो समन मिले थे।” प्रवक्ता के मुताबिक, प्राथमिकी दर्ज करने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और मुख्य आरक्षी को प्रवर्तन अधिकारी दीपक कुमार की ओर से पांच लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़