Punjab CM के OSD राजबीर घुमन पर CBI का केस, 8 ठिकानों पर तलाशी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेश के बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष कार्य अधिकारी राजबीर घुमन और उनके सहयोगियों पर भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज किया है। जांच एजेंसी ने मंगलवार को आरोपियों से जुड़े आठ विभिन्न परिसरों पर छापेमारी की। घुमन पर धन लाभ लेकर आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के तबादले प्रभावित करने का आरोप है।

नयी दिल्ली/चंडीगढ़, छह अक्टूबर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने उच्च न्यायालय के आदेश पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) राजबीर घुमन और उनके सहयोगियों के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया और आठ स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। घुमन और और उनके सहयोगियों पर कथित तौर पर आर्थिक लाभ के बदले आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की तैनाती को प्रभावित करने का आरोप है।

सीबीआई ने घुमन और अन्य आरोपियों से जुड़े आठ ठिकानों पर छापेमारी भी की। सीबीआई ने यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के उस आदेश के बाद की, जिसमें संघीय एजेंसी को यह कहते हुए मामले की जांच करने का निर्देश दिया गया था कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से साझा की गई सामग्री से प्रथम दृष्टया आरोपियों के भ्रष्ट आचरण में शामिल होने का संकेत मिलता है। मान ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।

उन्होंने कहा, “सीबीआई ने मेरे कैंप कार्यालय पर छापा मारा... अब पंजाब में ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग किया जाएगा, ताकि पंजाब सरकार और मुझे बदनाम किया जा सके। लोगों से मिल रहे प्यार को देखकर भाजपा घबरा गई है।” मान ने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले की गई यह कार्रवाई ‘‘राज्य में पैर जमाने की भाजपा की बेताबी को उजागर करती है।’’ इस बीच, भाजपा के वरिष्ठ नेता तरुण चुग ने नैतिक आधार पर मान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि सीबीआई की कार्रवाई किसी राजनीतिक दल के कहने पर नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सीबीआई अपना काम कर रही है।

उन्होंने सवाल किया, “आम आदमी पार्टी की सरकार क्यों घबरा रही है?” कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष परगट सिंह ने भी आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी नाव डूबने वाली है। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने कहा कि सीबीआई की छापेमारी से सत्ता के गलियारों में हलचल मच गई है। बादल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “सत्ता की दीवारें अब ढहने लगी हैं।

सच्चाई को हमेशा दबाकर नहीं रखा जा सकता और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को परिणाम भुगतने होंगे।” प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) की खुलेआम बेईमानी और भ्रष्टाचार अब पंजाब की जनता के सामने उजागर हो गया है। छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आप के वरिष्ठ नेता हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि सीबीआई की कार्रवाई भाजपा के उन हथकंडों को दिखाती है, जिन्हें वह चुनावी राज्यों में अपनाती है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह सत्ता पर कब्ज़ा करने के इरादे से चुनावी राज्यों में केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़