Himachal में सरकार बनाने को लेकर कांग्रेस में मंथन, प्रतिभा सिंह पर बोले विक्रमादित्य- वह CM पद की दावेदारों में से एक

Vikramaditya Singh
ANI
अंकित सिंह । Dec 8 2022 12:36PM

विक्रमादित्य सिंह से सीएम पद को लेकर भी सवाल पूछा गया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट रूप से कोई जवाब तो नहीं दिया लेकिन इतना जरूर कहा कि हम पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे और हमारी सरकार 5 साल चलेगी।

हिमाचल प्रदेश के चुनावी नतीजों के रुझानों में कांग्रेस को बहुमत मिलती दिखाई दे रही है। कांग्रेस फिलहाल उन्होंने 40 सीटों पर आगे है जबकि सरकार बनाने के लिए 35 सीटों की आवश्यकता होती है। ऐसे में कांग्रेस के लिए हिमाचल से बहुत बड़ी खबर है जो कि उसे राहत पहुंचा सकती है। इन सबके बीच कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में अब सरकार बनाने की तैयारियों को लेकर मंथन शुरू कर दिया है। कांग्रेस के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती अपने विधायकों को एकजुट रखने की है। खबर यह भी है कि भूपेश बघेल शिमला पहुंचने वाले हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि खरीद-फरोख्त से बचाने के लिए मैं वहां जाऊंगा। भूपेश बघेल को हिमाचल का प्रभारी भी बनाया गया था। उन्होंने कहा कि अभी मतगणना चल रही है हमें आखिर तक इंतज़ार करना चाहिए लेकिन जो हमारी उम्मीद थी कि हिमाचल में हमारी सरकार बनेगी वह बनती दिखाई दे रही है। 

इसे भी पढ़ें: हिमाचल में भी उत्तराखंड जैसा हश्र, सिर्फ गुजरात में टिकी आस, AAP का क्या होगा? आंकड़ों से जानें

इसके साथ ही सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि आखिर मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी किसे दी जाएगी? आज ही हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह ने संकेत दिया था कि अगर पार्टी विधानसभा में जीतती है तो होली लॉज परिवार का पैतृक घर मुख्यमंत्री पद के लिए इच्छुक है। उन्होंने स्पष्ट किया था आलाकमान द्वारा जो तय किया जाएगा वह हमें स्वीकार्य होगा। प्रतिभा सिंह कांग्रेस के दिवंगत नेता वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं। ऐसे में उनके बयान से माना गया कि कहीं ना कहीं उन्होंने अपने सीएम पद को लेकर अपनी दावेदारी पेश कर दी है। इन सबके बीच कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह का भी बयान सामने आ गया है। विक्रमादित्य सिंह ने साफ तौर पर कहा है कि हम लोकतंत्र की रक्षा के लिए सब कुछ करेंगे क्योंकि भाजपा कुछ भी कर सकती है। 

इसे भी पढ़ें: Himachal में बदलता दिख रहा राज, हिट हुआ कांग्रेस का पुरानी पेंशन वाला दांव, प्रियंका का भी बढ़ेगा कद

दरअसल, विक्रमादित्य सिंह से हिमाचल से कांग्रेस विधायकों को कहीं दूसरी जगह शिफ्ट किए जाने को लेकर सवाल पूछा गया था। कांग्रेस को इस बात की आशंका है कि कांटे की टक्कर के बाद कहीं ना कहीं भाजपा हिमाचल में सरकार बनाने की कोशिश करेगी। इसमें वह जोड़-तोड़ के भी राजनीति कर सकती है। यही कारण है कि कांग्रेस की ओर से इसको लेकर मंथन किया गया। इसके अलावा विक्रमादित्य सिंह से सीएम पद को लेकर भी सवाल पूछा गया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट रूप से कोई जवाब तो नहीं दिया लेकिन इतना जरूर कहा कि हम पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे और हमारी सरकार 5 साल चलेगी। प्रतिभा सिंह को लेकर उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में से एक हैं। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़