Jaipur में CM Bhajanlal Sharma निकालेंगे तिरंगा रैली, 9 अगस्त से राज्यभर में आयोजन

राजस्थान की राजधानी जयपुर में नौ अगस्त को सुबह न्यू गेट से बड़ी चौपड़ तक राज्य स्तरीय तिरंगा रैली आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में निकलने वाली इस रैली की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर संदेश नायक ने गरिमा और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में नौ से 17 अगस्त तक चलने वाले इस उत्सव में सभी शिक्षण संस्थानों और कार्यस्थलों पर ध्वजारोहण के साथ वंदे मातरम का सामूहिक गायन होगा।
जयपुर, आठ अगस्त ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राज्य स्तरीय तिरंगा रैली रविवार को जयपुर में होगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्यस्तरीय तिरंगा रैली का नेतृत्व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे।
यह तिरंगा रैली नौ अगस्त को सुबह 9.30 बजे न्यू गेट से सांगानेरी गेट होते हुए बड़ी चौपड़ तक निकाली जाएगी। जयपुर के जिला कलेक्टर संदेश नायक ने इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को बैठक की और निर्देश दिए कि तिरंगा रैली का आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन एवं उत्साह के साथ किया जाए। उन्होंने अभियान के तहत आयोजित सभी गतिविधियों में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने को भी कहा।
उल्लेखनीय है कि राज्य मंत्रिपरिषद की शुक्रवार को हुई बैठक में भी हर घर तिरंगा अभियान को जन आंदोलन बनाने पर चर्चा की गई। आधिकारिक बयान के अनुसार राष्ट्रभक्ति के इस महापर्व को राज्य में नौ से 17 अगस्त तक पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। अभियान में आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करते हुए घरों, स्कूलों, कॉलेजों तथा कार्यस्थलों पर तिरंगा फहराया जाएगा।
वहीं, हर घर तिरंगा समारोह में वंदे मातरम का सामूहिक गायन भी किया जाएगा।
अन्य न्यूज़













