CM Yogi Adityanath ने Gorakhpur में PRD जवानों का भत्ता बढ़ाकर 600 रुपये किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में प्रांतीय रक्षक दल के सम्मेलन के दौरान जवानों के लिए बड़ी कल्याणकारी घोषणाएं कीं। उन्होंने स्वयंसेवकों को परिवार सहित सालाना 5 लाख रुपये तक मुफ्त चिकित्सा सुविधा देने और दैनिक भत्ता बढ़ाने का ऐलान किया। इस कार्यक्रम में उन्होंने राज्य का धन विदेशों में जमा कराने को लेकर विपक्षी दलों पर तंज भी कसा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर तंज करते हुए मंगलवार को कहा कि इन दलों के नेताओं ने प्रदेश का धन लूटकर दुबई में छिपाया था और यही वजह है कि अमेरिका-ईरान युद्ध के दौरान अपनी अवैध कमाई पर मिसाइल गिरने से वे चिल्ला रहे थे। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के सम्मेलन व ‘कैशलेस’ चिकित्सा योजना के उद्घाटन अवसर पर अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ये लोग लुटवाते थे, लूटते थे, प्रदेश का पैसा विदेशों में जमा करवाते थे। अपने बाल-बच्चों के लिए, आने वाली कई पीढ़ियों के लिए, इतना पैसा इन्होंने संचित करके रखा हुआ है, इनको लगता है कोई खतरा आएगा ये भाग जाएंगे।’’ उन्होंने दावा किया कि इन लोगों ने दुबई में धन छिपाया था, और अमेरिका-ईरान युद्ध के दौरान मिसाइल भी ठीक वहीं पर गिर रही थीं।
योगी ने कहा, ‘‘‘यानी मौतें दुबई में हो रही थीं, मिसाइल वहां गिर रही थीं और चिल्लाहट इन नेताओं के घर में हो रही थी क्योंकि उनका अवैध कमाई का पैसा जा रहा था। वे मिसाइल उनकी अवैध कमाई पर भी गिर रही थीं, और लूट करने वालों के साथ ऐसे ही होता है।’’ मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रांतीय रक्षक दल के जवानों को परिजनों सहित प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही उनके दैनिक ड्यूटी भत्ते को 500 से बढ़ाकर 600 रुपये करने की घोषणा की। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित कराने के लिए पुलिस और प्रशासन के सहयोग में पीआरडी के स्वयंसेवक अपनी भूमिका समर्पण भाव से निभाते हैं, मगर इसके बावजूद 2017 के पहले तक उन्हें ड्यूटी नहीं मिलती थी।
अन्य न्यूज़














