PM Modi के Varanasi दौरे और Air Show पर CM Yogi ने परखी व्यवस्थाएं, दिए सख्त निर्देश

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी कार्यक्रमों के लिए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की रूपरेखा तय की। उन्होंने आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाने और प्रमुख घाटों पर पर्याप्त लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने के आदेश दिए।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और एयर शो की तैयारियों की बुधवार को समीक्षा करते हुए अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, यातायात और आपात चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएं। उन्होंने अधिकारियों को यातायात सुचारू रखने, मार्ग परिवर्तन की योजना बनाने, पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त जगह और संकेतक उपलब्ध कराने तथा अवरोधक सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

आदित्यनाथ ने आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाने, घाटों पर पर्याप्त लाइफ जैकेट और चलित शौचालय उपलब्ध कराने तथा सरकारी एवं निजी अस्पतालों को आपात स्थिति के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग स्थलों पर पुलिस, यातायात पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों की तैनाती करने को भी कहा। मुख्यमंत्री ने आयोजन में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों और अन्य स्वयंसेवी संगठनों की मदद लेने के निर्देश दिए।

उन्होंने नमो घाट से अस्सी घाट तक रंगाई-पुताई, घाटों की सफाई, शहर में स्वच्छता अभियान, प्रमुख मार्गों पर सजावटी लाइट लगाने और चौराहों के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया। बैठक में जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त ने प्रशासन एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियों का प्रस्तुतीकरण दिया, जबकि मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था की जानकारी दी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़