वोटर लिस्ट पर CM Yogi का बड़ा दावा, Pawan Khera बोले- महारैली में आपका भी स्वागत है

Pawan Khera
ANI
एकता । Nov 1 2026 12:23PM

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची से एक करोड़ से ज्यादा हिंदू मतदाताओं के नाम गायब होने का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं को नाम जुड़वाने को कहा। इस पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने तंज कसते हुए योगी को चुनाव आयोग के खिलाफ अपनी महारैली में आमंत्रित किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट से एक करोड़ से ज्यादा हिंदू मतदाताओं के नाम गायब हैं। योगी ने इस पर चिंता जताते हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं को छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जुड़वाने की जिम्मेदारी दी है। दरअसल, कांग्रेस समेत विपक्षी दल लगातार चुनाव आयोग पर मतदाता सूची से नाम काटने का आरोप लगा रहे हैं। इसी बीच योगी आदित्यनाथ के इस बयान से राजनीतिक बहस और तेज हो गई है।

पवन खेड़ा ने योगी आदित्यनाथ पर कसा तंज

योगी आदित्यनाथ के बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, "ज्ञानेश से हैं परेशान? तो फिर कहां है आपका ध्यान? रामलीला मैदान तो इधर है श्रीमान। आज की महारैली में आपका भी स्वागत है योगी जी।" पवन खेड़ा की इस पोस्ट को कांग्रेस की महारैली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर चल रहे विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।

दरअसल, कांग्रेस दिल्ली के रामलीला मैदान में चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। पार्टी की मांग है कि चुनाव आयोग कथित चुनावी गड़बड़ियों पर जवाब दे और मुख्य चुनाव आयुक्त अपने पद से इस्तीफा दें।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली में फिर लगेगा 'ठगों का मेला'... INDIA Bloc की रैली पर BJP का हमला

योगी आदित्यनाथ ने वोटर लिस्ट को लेकर क्या आंकड़े बताए?

बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची से जुड़े कई आंकड़े रखे। उन्होंने दावा किया कि करीब 66 लाख ऐसे लोग हैं, जिनके नाम पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले करीब 55 लाख लोगों के नाम भी वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हैं।

इसे भी पढ़ें: Ramlila Maidan में INDIA Bloc की रैली आज, वोट चोरी और चुनाव आयोग के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरेगा विपक्ष

18 से 19 साल के साढ़े चार लाख युवाओं के नाम भी गायब होने का दावा

योगी आदित्यनाथ ने 18 से 19 साल की उम्र के युवाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस आयु वर्ग के करीब साढ़े चार लाख युवाओं के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं। इन आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं से छूटे हुए पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़