CPI M नेता KK Ragesh ने AN Shamseer पर दिए बयान के खिलाफ वेल्लापल्ली नटेसन को घेरा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केरल में माकपा की कन्नूर जिला इकाई के सचिव के के रागेश ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ए एन शमशीर के खिलाफ टिप्पणी करने पर एसएनडीपी योगम महासचिव वेल्लापल्ली नटेसन की आलोचना की है। रागेश ने आरोप लगाया कि नटेसन का बयान सांप्रदायिक नफरत फैलाने वाला है। उन्होंने नेताओं के खिलाफ लगाए जा रहे निराधार आरोपों के विरोध में जन आंदोलन का आह्वान किया।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की कन्नूर जिला इकाई के सचिव के के रागेश ने पार्टी नेता और केरलम विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ए एन शमशीर के खिलाफ टिप्पणी को लेकर एसएनडीपी योगम के महासचिव वेल्लापल्ली नटेसन की आलोचना की है। श्री नारायण धर्म परिपालन (एसएनडीपी) योगम के महासचिव नटेसन ने शुक्रवार को अलप्पुझा में एक कार्यक्रम के दौरान शमशीर की आलोचना की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि शमशीर सच्चे कम्युनिस्ट नहीं हैं, बल्कि उनकी सोच इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) जैसी है।

नटेसन ने कहा था कि मुख्यमंत्री पिनराई विजयन जैसे वरिष्ठ नेताओं ने वर्षों के संघर्ष और त्याग के बाद अपना वर्तमान मुकाम हासिल किया है, जबकि शमशीर ने बिना किसी तरह के संघर्ष के नेतृत्व में जगह बना ली। रागेश ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में कहा कि ऐसा लगता है कि नटेसन को विश्वास है कि पूरा समुदाय उनके कहे अनुसार सोचता और कार्य करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नटेसन की टिप्पणियां अक्सर सांप्रदायिक विभाजन पैदा करने वाली होती हैं।

रागेश ने आरोप लगाया कि शमशीर के खिलाफ नटेसन की टिप्पणी उनकी ‘‘सांप्रदायिक नफरत’’ से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि माकपा नेता शमशीर ने राजनीतिक जीवन में हिंदू और मुस्लिम दोनों सांप्रदायिक ताकतों के हमलों का सामना किया है। उन्होंने कहा, ‘‘शमशीर छात्र आंदोलन के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों में शामिल हुए और वह थालास्सेरी से दो बार विधायक चुने गए।

उन्होंने पिनराई विजयन के नेतृत्व वाली दूसरी सरकार में विधानसभा अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया।’’ रागेश ने शमशीर के खिलाफ नटेसन के रुख को ‘‘निंदनीय’’ बताते हुए पार्टी नेताओं के खिलाफ लगाए जा रहे निराधार आरोपों और ‘‘गंदी राजनीति’’ के विरोध में व्यापक जन आंदोलन का आह्वान किया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़